MP Panchayat Chunav 2022 Result: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में इंदौर जिले में मतदान हो चुका है। परिणामाें की घोषणा 14 जुलाई को होगी, लेकिन शनिवार को मतदान के बाद अलग-अलग मतदान केंद्राें पर हुई मतगणना के आंकड़ों के आधार पर भाजपा ने जिला पंचायत और तीन जनपद पंचायतों के अधिकतम वार्डों में अपने उम्मीदवारों की जीत का दावा किया है। इनमें सांवेर, देपालपुर और महू जनपद पंचायत शामिल हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस ने इंदौर जनपद पंचायत में जीत का दावा किया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सोनकर के मुताबिक, जिला पंचायत के 17 वार्डों के सदस्य पदों में से उनकी पार्टी 13 सीटों पर जीत रही है। इस तरह जिला पंचायत में भाजपा स्पष्ट बहुमत की ओर है। ऐसे में एक बार फिर जिला पंचायत का अध्यक्ष भाजपा से बनना तय है।
सांवेर, देपालपुर और महू में जनपद पंचायतों की 25-25 सीटों पर भी भाजपा को बहुमत मिलता दिख रहा है। उधर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सदाशिव यादव ने इंदौर जनपद पंचायत में कांग्रेस के खाते में जाने का दावा किया है। यहां 25 सीटों में से अधिकतम सीटों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की जीत मानी जा रही है। उल्लेखनीय है कि पिछले पंचायत चुनाव में जिले की चार जनपद पंचायतों में से महू और सांवेर भाजपा के पास थी और इंदौर व देपालपुर कांग्रेस के पास थी। पर इस बार भाजपा ने देपालपुर काे भी अपने पाले में लाने का पुरजाेर प्रयास किया।
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay
- Font Size
- Close