MPBSE MP Board Result 2023: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। माध्यमिक शिक्षा मंडल के 10वीं व 12वीं के परिणाम गुरुवार को जारी हुए। इसमें लड़कों के मुकाबले लड़कियों ने बाजी मारी। इंदौर जिले में 12वीं में 60.97 प्रतिशत बालिकाएं व 54.85 प्रतिशत बालक उत्तीर्ण हुए। वहीं, 10वीं में 71.62 प्रतिशत बालिकाएं और 61.82 प्रतिशत बालक उत्तीर्ण हुए। यह पहला मौका है कि बोर्ड परीक्षा की राज्य स्तरीय प्रावीण्य सूची में इंदौर के 26 विद्यार्थियों ने अपना स्थान पक्का किया।
10वीं बोर्ड की राज्य स्तरीय मेरिट लिस्ट में पहली बार इंदौर के 13 विद्यार्थी शामिल हुए। वहीं, 12वीं के 13 विद्यार्थी राज्य स्तरीय प्रावीण्य सूची में पहुंचे हैं। 10वीं में इंदौर के मृदुल पाल प्रदेश में पहले स्थान पर रहे, वहीं 12वीं वाणिज्य संकाय में इंदौर के आकाश पांडे प्रदेश के तीन छात्रों के साथ राज्य स्तरीय सूची में तीसरे स्थान पर व जीव विज्ञान संकाय में खुशनूद घोरी प्रदेश के पांच विद्यार्थियों के साथ नौवें स्थान पर रहीं।
12वीं के परिणाम में 23 प्रतिशत की गिरावट
पिछले वर्षों के मुकाबले इस वर्ष राज्य स्तरीय प्रावीण्य सूची में इंदौर के ज्यादा विद्यार्थियों के पहुंचने का असर परिणाम पर भी दिखा। पिछले साल के मुकाबले 10वीं बोर्ड के परिणाम में छह प्रतिशत की बढ़ोतरी दिखाई दी थी। वहीं, इस बार 12वीं के परिणाम में 23 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली। जानकारों के अनुसार, कोविड के दौरान वर्ष 2021 में 10वीं में पढ़ने वाले सभी विद्यार्थियों को परीक्षा लिए बिना ही कक्षोन्नति दे दी गई थी। वे ही इस वर्ष 12वीं की परीक्षा में बैठे। इस वजह से 12वीं में इस वर्ष इंदौर ही नहीं, प्रदेशभर में पिछले वर्षों के मुकाबले अनुत्तीर्ण होने वाले छात्रों की संख्या ज्यादा है। यही वजह है कि 12वीं के परिणाम में इस वर्ष गिरावट देखने को मिली।
इंदौर जिले का परिणाम
कक्षा 12वीं : 57.60 प्रतिशत
कुल विद्यार्थियों ने दी परीक्षा : 42967
पास हुए : 24161
पूरक : 6055
फेल : 11726
छात्र : 54.85 प्रतिशत
छात्राएं : 60.97 प्रतिशत
कक्षा 10वी : 66.50 प्रतिशत
परीक्षा में शामिल हुए कुल विद्यार्थी : 37450
पास हुए : 24899
पूरक : 3577
फेल : 8964
छात्र : 61.82 प्रतिशत
छात्राएं : 71.62 प्रतिशत
Posted By: Hemraj Yadav
- # mp board result
- # mp board result details
- # mp board result kaha dekhe
- # mp board result kab ayega
- # mp board result site
- # mbse.nic.in
- # MP Board Result 2023
- # Indore
- # Indore News
- # Indore Latest News
- # MP News
- # Madhya Pradesh News