Pneumonia Cases in Indore: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। इंदौर में मौसम में आए बदलाव के कारण फ्लू तेजी से फैल रहा है। इसमें सबसे ज्यादा बच्चे गंभीर बीमार हो रहे हैं। शहर के शासकीय और निजी अस्पतालों में बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को लेकर पहुंच रहे हैं। इनमें से अधिकांश वायरस की चपेट में आने के कारण निमोनिया का शिकार भी हो चुके हैं।
चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय में भी बच्चों की संख्या बढ़ने लगी है। यहां पहले के मुकाबले 15 प्रतिशत मरीज बढ़ चुके हैं। इनमें अधिकांश बच्चों की पांच वर्ष तक की है। यहां भर्ती कई बच्चे गंभीर भी हैं। डाक्टरों ने बताया कि बच्चों को पहले सर्दी, खांसी, बुखार आ रहा है, चार-पांच दिन तक यदि सही उपचार नहीं मिल पाता है तो वह इंफेक्शन का शिकार हो जाते हैं। लापरवाही न बरतते हुए विशेषज्ञ से इलाज करवाना चाहिए।
मौसम के बदलाव के कारण बढ़ रहे मरीज
विशेषज्ञों ने बताया कि अभी दिन में गर्मी रहती है और रात में ठंडा मौसम हो जाता है। इसके कारण जिनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है। उनमें बीमारियों की आशंका बढ़ जाती है। सिविल सर्जन प्रदीप गोयल ने बताया कि अस्पताल में संक्रमण की चपेट में आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इसमें सबसे ज्यादा बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं।
यह सावधानी जरूरी
- व्यक्तिगत साफ-सफाई का ख्याल रखें, ताकि आप भी बचे रहें और दूसरों में भी इंफेक्शन न फैले।
- समय-समय पर हाथों को अच्छे से साबुन से साफ करें।
- खांसी या छींक आने पर रूमाल या साफ कपड़े से मुंह को ढक लें, रूमाल को इस्तेमाल करने के बाद गर्म पानी में भिगोकर धोएं।
- चोट के घावों को ढक कर रखें खुला न छोड़ें।
- भीड़ वाली जगह पर मास्क जरूर लगाएं।
- बुखार होने पर मास्क लगाएं, ताकि संक्रमण दूसरों में न फैले।
मास्क लगाकर रखें
चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय के अधीक्षक डा. प्रीति मालपानी का कहना है कि ओपीडी में बच्चों की संख्या 15 प्रतिशत तक बढ़ चुकी है। बचाव के लिए फ्लू वैक्सीन लगवाना चाहिए। मास्क लगाकर रखना चाहिए। यदि सांस अचानक तेज चलने लगे तो तुरंत विशेषज्ञ के पास जाना चाहिए।
Posted By: Hemraj Yadav