Today In Indore इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। उत्सवप्रीय इस शहर में आयोजन की कमी नहीं। हर दिन शहर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होते हैं। 23 मई को भी शहर में कई धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन होंगे। इसमें महेश नवमी के उपलक्ष्य में माहेश्वरी समाज के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कहीं तंग बस्ती में कपड़े वितरित होंगे तो कहीं कवि सम्मेलन होगा। शहर में पंच कल्याणक महोत्सव भी होगा और श्रीमद भागवत कथा भी सुनाई जाएगी।

- जनशक्ति नगर में जारी मोक्ष कल्याणक महोत्सव सुबह 8 बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित होगा। सुबह के सत्र में नित्य पूजन की विधि होगी। आयोजन में आदित्यसागरजी मुनि का 37वां अवतरण दिवस भी मनाया जाएगा। जिसमें विनयाजंलि एवं अन्य मांगलिक क्रियाएं मुनिश्री के सान्निध्य में संपन्न की जाएगी।

- महेश नवमी के उपलक्ष्य में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए जाएंगे। इस कड़ी में सुबह 9 बजे संयोगितागंज क्षेत्र द्वारा संस्कार पाठशाला में शिक्षण सामग्री का वितरण किया जाएगा। दोपहर 4 बजे नगीन नगर बस्ती में अनाज वितरण भी होगा। इसी तरह वेंकटेश मंदिर छत्रीबाग पर शरबत व सकोरे वितरण भी बालाजी क्षेत्र महिला संगठन करेगी। शाम 6 बजे अंतर क्षेत्रीय टर्फ क्रिकेट का आयोजन किया गया है।

- मध्यक्षेत्र शक्ति संगठन द्वारा महोत्सव के दूसरे दिन दोपहर 12 बजे आर्ट एंड क्राफ्ट वर्कशाप महेश नगर में आयोजित की जाएगी। तीन दिवसीय वर्कशाप में 10 से अधिक उम्र के बच्चों के लिए है। आर्टिस्ट श्वेता परवाल इसमें प्रशिक्षण देगी।

- आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी भास्करानंद के मुखारविंद से सात दिनी श्रीमद् भागवत कथा मनोरमागंज स्थित गीता भवन के सत्संग सभागृह में होगी। कथा प्रतिदिन दोपहर 4 से शाम 7 बजे तक होगी। कथा में बलि वामन अवतार तथा राम-कृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा।

- शहर के पूर्वी क्षेत्र के अरण्यधाम संत आश्रम स्कीम नंबर 78 में 11 दिवसीय नवकुंडीय श्रीराम महायज्ञ सुबह 9 से शाम बजे तक होगा। यज्ञ के लिए बनी 1800 वर्गफीट की यज्ञशाला में अनूठा मनोहारी प्रयोग किया गया है। इसमें प्रभु राम के जन्म से लेकर राज्याभिषेक तक के 100 चित्र लगाए गए है। इसके आश्रम परिसर को तोरण बंदनवार से आकर्षक सज्जा की गई है।

- आज की शाम शहर में काव्यपाठ के नाम होगी। यदि आप भी देश के नामी कवियों की रचनाओं का आनंद लेना चाहते हैं तो शाम 7 बजे रवींद्र नाट्यगृह में संस्था माहेश्वरी संस्कृति आपको यह मौका दे रही है।

- नाटक देखकर अगर आप शाम बिताना चाहते हैं तो शाम 7.30 बजे अभिनव कला समाज जाना बेहतर विकल्प होगा। अनवरत थियेटर द्वारा यहां सौरभ शुक्ला द्वारा लिखित नाटक बर्फ का मंचन किया जा रहा है।

Posted By: Sameer Deshpande

Mp
Mp