इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। इंदौर में पिछले दो दिनों से दिन के तापमान में हल्की गिरावट दिखाई दे रही है। वहीं रात में तापमान बढ़ा हुआ है। सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 15 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 28.8 डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार सुबह आठ से 9.30 के बीच दृश्यता तीन हजार मीटर दर्ज की गई। इसके कारण कुहांसे का असर दिखाई दिया। सुबह के समय पूर्वी हवाएं आठ से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चली।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मध्य भारत पर अभी प्रति चक्रवात बना हुआ है। इसके कारण दिन के तापमान में हल्की गिरावट दिखाई दे रही है। रात का तापमान बढ़ा हुआ हैं। रविवार के मुकाबले सोमवार को सुबह आर्द्रता में भी 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी दिखाई दी। यही वजह है कि तापमान में अभी गिरावट नहीं दिख रही है। हवाओं का रुख पूर्वी होना भी तापमान में बढ़ोतरी एक अहम कारण है। आने वाले दिनों में हवाओं का रुख उत्तरी होने के बाद ठंड में धीरे-धीरे बढ़ोेतरी दिखाई देगी।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ अभी पाकिस्तान के ऊपर बना हुआ है। इसके असर से एक से चार दिसंबर के बीच तापमान में बढ़ोतरी रहेगी। बादलों के कारण हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं। गौरतलब है कि इंदौर में इस बार नवंबर में ठंड का ज्यादा असर दिखाई नहीं दिया है। ऐसे में दिसंबर माह के मध्य या अंत में ही ठंड का असर दिखाई देने की उम्मीद है।

Posted By: gajendra.nagar

Mp
Mp