इंदौर। शहर के कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय से एक तेंदुआ गायब होने की खबर सामने आ रही है। इससे लोगों में दहशत है, हालांकि अभी किसी अधिकारी ने इसकी पुष्टि नहीं की है। तेंदुआ गायब होने की सूचना पर ही चिड़ियाघर में अफरातफरी मच गई। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। तेंदुए की उम्र के बारे में भी अभी पता नहीं चला है, लेकिन इसे 6 माह से एक साल बताया जा रहा है। यह मादा तेंदुआ है। वहीं अधिकारियों के भी इसके बारे में परस्पर विरोधी बयान मिल रहे हैं।
पता चला है कि तेंदुआ पिंजरे के एक हिस्से से बाहर निकलकर भाग गया। वायरल हुए वीडियो में भी तेंदुआ जाता नजर आ रहा है। चिड़ियाघर के साथ आसपास के इलाकों में तेंदुए की खोज की जा रही है
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इंदौर जू से तेंदुआ रहस्यमय तरीके से गायब हुआ है। इसे बुरहानपुर से पकड़ कर लाना बताया जा रहा है। इसे शिफ्टिंग करने के लिए रात को पिंजरे में ही रखा गया था।
बताया जाता है कि जब कर्मचारियों ने पिंजरा खोला तो उसमें तेंदुआ नहीं था। बारिश के कारण पिंजरे को कपड़े से ढंककर गया था।वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार तेंदुए के दोनों पैरों में चोट है।
बुरहानपुर प्रतिनिधि के अनुसार कल नेपानगर के ग्राम डालमहू में एक मकान में रात करीब 10 बजे तेंदुआ घुस गया था। बताया जा रहा है कि इस दौरान घर में कोई नहीं था। जैसे ही ग्रामीणों को पता चला पूरा गांव एकत्रित हो गया। उसकी दहाड़ से ग्रामीणों में खौफ का माहौल पैदा हो गया। इसकी सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी।
वन विभाग द्वारा बड़ी मशक्कत के बाद रात करीब एक बजे तेंदुए को पिंजरे में कैद कर लिया गया था। गनीमत रही कि कोई भी हताहत नहीं हुआ। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से खेतों तेंदुआ दिखने की सूचना मिल रही थी। इसे लेकर वन विभाग भी सर्चिंग कर रहा था।
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay
- Font Size
- Close