Indore Weather Update: इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। बुधवार को सुबह से सूरज की तपिश ने गर्मी का अहसास करवाया। सुबह हवाएं 15 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 22.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक़, आज शहर में दोपहर बाद बादल छाने के पश्चात हल्की बारिश होने की संभावना है।

ग़ौरतलब है कि मंगलवार को दोपहर तक गर्मी की तपिश ने लोगों को परेशान किया। वहीं दोपहर तीन बजे बाद शहर में छाए बादलों के कारण गर्मी से हल्की राहत मिली। बादलों ने मंगलवार को पारे की रफ्तार पर रोक लगाई और दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 38.6 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में शहर में हवाएं 12 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली।

मंगलवार काे शहर में मौसम शुष्क रहा लेकिन बुधवार को शहर में हल्की वर्षा होने की संभावना है। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में बिहार से उत्तरी छत्तीसगढ़ के बीच एक द्रोणिका बनी हुई है। वहीं एक अन्य द्रोणिका विदर्भ से उत्तरी केरल तक बनी हुई है। इसके अलावा बुधवार को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में सक्रिय होगा। इस वजह से अभी अरब सागर से नमी आने के कारण इंदौर में बादल दिखाई दे रहे हैं। बुधवार को शहर में दोपहर बाद बादल छाने और उसके बाद हल्की वर्षा होने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अगले तीन से चार दिन बादलों के साथ बूंदाबांदी की स्थिति शहर में बनी रहेगी।

Posted By: Sameer Deshpande

Mp
Mp