इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। इंदौर में शनिवार सुबह ठंड का असर कायम रहा और सुबह पूर्वी व दक्षिणी-पूर्वी हवाएं 10 से 12 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। हवाओं की गति कम होने के कारण ठिठुरन का अहसास कम हुआ। इंदौर में दिन और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने कारण फिलहाल तीव्र ठंड से थोड़ी राहत मिली है। हालांकि शुक्रवार की रात न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम रहा।
शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 7.1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 21.9 डिग्री दर्ज किया गया। शनिवार सुबह शहर में धुंध का असर रहा और दृश्यता 1500 मीटर तक दर्ज की गई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक आने वाले दिनों में रात के तापमान में गिरावट बरकरार रहेगी और दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानी पीके साहा के मुताबिक शनिवार को इंदौर में शीतल दिन की स्थिति रहने की थोड़ी बहुत संभावना है। दो फरवरी को उत्तर भारत क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा।
ऐसे में दो फरवरी तक इंदौर के तापमान में चार से छह डिग्री का इजाफा होगा। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद तापमान में गिरावट आएगी। गौरतलब है कि इंदौर में इस वर्ष जनवरी माह में 11 दिन शीतल दिन वाले रहे हैं। इनमें सात दिन तीव्र शीतल दिन और चार दिन शीतल दिन की स्थिति बनी है। लगातार आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह पहला मौका है जब इंदौर में जनवरी माह में इतने अधिक दिन ठंडे रहे हैं।
Posted By: Sameer Deshpande