Indore Weather Update: इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। गुरुवार सुबह से शहर में बादल छाए रहे और सूरज की बादलों के साथ लुका छिपी जारी रही। सुबह 15 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से दक्षिणी हवाएं चली। एयरपोर्ट क्षेत्र में जो पिछले 24 घंटे में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। एयरपोर्ट के मौसम केंद्र पर 0.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बादलों के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली। गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 18.7 डिग्री दर्ज किया गया। गुरुवार सुबह शहर में दृश्यता दो हजार मीटर तक दर्ज की गई।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक आज दिनभर शहर में बादल छाए रहेंगे और शहर में गरज चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी शहर में होने की संभावना है। गौरतलब है कि बुधवार को भी शहर में बादल छाए और शाम के समय मौसम सुहाना हो गया था। इंदौर के आसपास बूंदाबांदी होने के कारण मिट्टी की सौंधी महक भी शहरवासियों ने महसूस की। बुधवार को दिन में दक्षिण व दक्षिणी पश्चिमी हवाएं 10 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली थी और दिन में बादल छाए रहे थे। बुधवार को शहर में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य था।

भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में मध्य राजस्थान में प्रेरित हवा का चक्रवात बना हुआ है। इसके अलावा 16 को पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में सक्रिय होगा। यही वजह है कि अभी अरब सागर से नमी आने के कारण मौसमी परिवर्तन दिखाई दे रहा है और इसके कारण बादल छाने के साथ प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में वर्षा होने की संभावना है। इंदौर में 17 मार्च तक बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है।

Posted By: Sameer Deshpande

Mp
Mp
  • Font Size
  • Close