Today in Indore: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। इंदौर में विभिन्न धार्मिक-सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों के कार्यक्रम 5 फरवरी को होंगे। इसमें माघ पू्र्णिमा के मौके पर शहर की विभिन्न कालोनी-मोहल्लों में होली के डांडे की स्थापना होगी। इसके साथ ही गायन और बांसुरी वादन के आयोजन भी होंगे। खंडवा रोड स्थित राधा स्वामी आश्रम में सत्संग और संत रविदास जयंती पर चल समारोह भी निकलेगा। साथ ही गजानन महाराज के भक्त विजय ग्रंथ का पाठ करेंगे।
- शेगांव के गजानन महाराज के श्री गजानन विजय ग्रंथ का भक्तों द्वारा सामूहिक पारायण साउथ तुकोगंज स्थित श्रीनाथ मंदिर संस्थान पर सुबह 8.30 बजे से किया जाएगा। भक्तों द्वारा 211 बार सामूहिक पारायण किया जाएगा।
- खंडवा रोड स्थित राधा स्वामी आश्रम पर दो दिनी सत्संग-नामदान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें सुबह 9.30 से 10.30 बजे तक बाबा गुरिंदर सिंह के प्रवचन होंगे।
- अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के महाप्रभु स्वामी रामचरण महाराज का 303वां प्राकट्य महोत्सव पारसी मोहल्ला स्थित छावनी रामद्वारे में मनाया जाएगा। इसमें सुबह 9.30 बजे वाणी का पाठ होगा। इसके बाद चित्र पूजन, प्रवचन और आरती की जाएगी।
- माघ पूर्णिमा पर विभिन्न कालोनियों में होली का डांडा स्थापित कर पूजन किया जाएगा। इस कड़ी में सार्वजनिक प्राचीन पंचदेव मंदिर एमआइजी कॉलोनी पर होली का डांडा की स्थापना सुबह 10.30 बजे होगी। इस मौके पर होलिका दहन पर पर्यावरण रक्षा का संकल्प भी लिया जाएगा।
- संत रविदास जयंती पर शहरभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इंदौर नगर अहिरवार समाज 11 पंच कमेटी द्वारा शोभायात्रा निकाली जाएगी। साथ ही खिलाड़ियों और वरिष्ठ समाजजन का सम्मान किया जाएगा। चल समारोह सुबह 10 बजे रुस्तम का बगीचा से निकाला जाएगा। चल समारोह नेहरू नगर, आंबेड़कर नगर, अटल द्वार, पाटनीपुरा, भमोरी होते हुए मंगल सिटी स्थित मैदान पर पहुंचेगा। यहां महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा।इसके साथ ही सम्मान समारोह भी होगा।
Posted By: Hemraj Yadav
- Font Size
- Close