इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। नगर में लगातार दूसरे दिन छाए रहे बादलों के कारण दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिली। शनिवार के मुकाबले रविवार को दिन तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई।

रविवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम 19.3 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में उत्तरी-पूर्वी हवा 16-18 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चली। इसके कारण लोगों को ठंडक का अहसास हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में आर्द्रता 57 प्रतिशत तक पहुंच गई। इस वजह से भी रविवार को चुभन वाली ठंड का अहसास हुआ।

पश्चिमी विक्षोभ गुजरने के कारण गिरा तापमान

भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानी पीके साहा के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के कारण तापमान में गिरावट दिखाई दे रही। इंदौर में सोमवार सुबह शहर में कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा सोमवार को शहर में शीतल दिन रहने की संभावना है। इंदौर में अगले दो से तीन दिन तो तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दिखाई देगी। इसके बाद तापमान में एक-एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दिखाई देगी।

रविवार को तापमान में उतार-चढ़ाव

सुबह 5.30- 13 डिग्री

सुबह- 9.30- 15 डिग्री

सुबह 11.30- 17.4 डिग्री

दोपहर 2.30- 18.6 डिग्री

दोपहर 3.30- 19.3 डिग्री

शाम 4.30- 17.2 डिग्री

शाम 5.30- 16.6 डिग्री

शाम 6 बजे-15 डिग्री

Posted By: Hemant Kumar Upadhyay

Mp
Mp