Indore News: इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। हिंदी भाषा को लेकर कई सारे आयोजन शहर में होते रहते हैं। ऐसा ही एक आयोजन गुरुवार को हुआ जिसमें अमेरिका में रह रहे प्रवासी भारतीय को सम्मानित किया गया। विदेश में रहकर हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए उनकी हर ओर प्रशंसा की जा रही है। इसी क्रम में बावीसा ब्राह्मण समाज और विचार प्रवाह मंच द्वारा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें अमेरिका से आए प्रवासी प्रवाह काव्य कृति के रचनाकार राजीव रत्न का सम्मान किया गया। इसमें शहर के साहित्यकारों ने उन्हें सम्मान के साथ मालवी पगड़ी पहनाई और इंदौर के संस्कृति से रूबरू कराया। साथ ही कार्यक्रम में छोटू भारती और सतीश पटेल ने उन्हें सत्कार स्वरूप कबीर साहित्य भेंट की।

विचार प्रवाह मंच के संयोजक सदस्य और वरिष्ठ पत्रकार मुकेश तिवारी ने राजीव को विदेश में रहकर हिंदी की सेवा करने की संकल्प की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह गर्व की बात है कि भारतीय कहीं भी रहें लेकिन अपनी मातृभाषा को नहीं भूलते। इससे देश के युवाओं को भी प्रेरणा मिलती है। सभी को अपनी भाषा पर गर्व करना चाहिए। इसके साथ ही कबीर मंडली ने सुंदर कबीर भजनों की प्रस्तुति देकर साहित्यिक कार्यक्रम को गरिमामय बना दिया। वहीं डाक्टर रेशम भट्ट ने सहज योग संस्था और नाद नागरी प्रकोष्ठ की ओर से राजीव को सम्मानित किया।

बावीसा ब्राहमण समाज की ओर से प्रतिभा मंच के वरिष्ठ श्रीधर मुंशी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।साहित्यकार राघवेंद्र दुबे, रमेश चंद्र शर्मा, विकास जोशी वाहिद, राजेश दुबे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। साहित्य समिति की ओर से हरेराम वाजपेई और कवि प्रदीप नवीन, संतोष मोहंती सारस्वत अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर खरगोन से सुनीता पुरे और एडवोकेट राजकुमार अत्रे विशेष रुप से पधारे। शोभारानी जी, सुषमा सिन्हा, प्रतिमा शिघये, ऋचा कौल सहित दिल्ली से राजेश जैन एवं अन्य साहित्य स्नेही जन कार्यक्रम मे सम्मिलित हुए। कार्यक्रम की सूत्रधार डा. आरती दुबे ने सबका आभार माना।

Posted By: Sameer Deshpande

Mp
Mp
  • Font Size
  • Close