MPBSC MP Board Result 2023: जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। स्कूली शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार ने 12.30 बजे इसे भोपाल में एमपी बोर्ड आफिस के विज्ञान प्रशिक्षण केंद्र स्थित आडिटोरियम में एक कार्यक्रम के दौरान जारी किया है। इसके साथ ही बच्चों की उत्सुकता का इंतजार खत्म हो गया है। प्रदेश की मेरिट सूची में जबलपुर के 6 छात्र-छात्राओं ने बाजी मारी है। जिसमें दसवीं के दो छात्र और 12वीं से चार विद्यार्थियों ने बाजी मारी हैं। हालांकि जबलपुर जिले का परीक्षा परिणाम पिछले वर्ष की तुलना काफी खराब रहा है। जिसमें दसवीं कक्षा का परिणाम 58 प्रतिसथ और बारहवीं कक्षा का परिणाम महज 49 प्रतिशत करीब रहा। प्रदेश की 10 वीं कक्षा के मेरिट लिस्ट में जबलपुर के 2 छात्रों ने स्थान बनाया है। जिसमें महाकौशल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के समीर पटेल ने 500 में से 488 अंक प्राप्त कर प्रदेश में सातवां और 97.6 प्रतिशत अंक लाकर जिले में पहला स्थान हासिल किया। जबकि सलेम इंग्लिश मीडियम हाई सेकेंडरी स्कूल की वंशिका जैन ने 500 में से 450 अंक पाकर प्रदेश की मेरिट में दसवां और जिले की रैंकिंग में दूसरा स्थान हासिल किया हैं।
अन्य विषयों में ये भी हैं अव्वलः
कक्षा 12वीं में जीव विज्ञान विषय पर तानिया कांवेंट उमावि कातरा कालोनी पाटन के राज सिंह पिता हिम्मत सिंह ने प्रदेश की सूचि में चौथा स्थान बनाया है। उन्हें जीव विज्ञान विषय पर 500 में से 482 अंक प्राप्त हुए हैं। इसके साथ ही विज्ञान संकाय में वे जबलपुर जिले में पहले स्थान पर हैं। कक्षा 12वीं में प्रदेश की प्रवीण्य सूची में जबलपुर से कामर्स संकाय से देव कुमार चौरसिया को प्रदेश भर में 10वीं रैंक मिली है। उन्होंने 470 अंकों के साथ प्रदेश में 10वां, वहीं जबलपुर जिले में कामर्स संकाय से पहला स्थान हासिल किया है।

दसवीं कक्षा का परिणाम
जबलपुर जिले में 10 क्लास में कुल 22,978 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे। जिसमें से 13,306 छात्र परीक्षा में पास हुए जबकि 7,161 छात्र फेल हो गए और 2,416 छात्रों की सप्लीमेंट्री आई है। इस प्रकार जबलपुर जिले का परिणाम 58.14% रहा। जिले में दसवीं के परीक्षा परिणाम के मामले में लड़कियों ने बाजी मारी हैं।
जिले में 12वीं परीक्षा का परिणाम बिगड़ा
जबलपुर जिले में 12वीं कक्षा में कुल 19,213 विद्यार्थी शामिल हुए थे। जिसमें से 9,396 छात्र पास हुए जबकि 7,183 छात्र फेल हो गए और 2,629 छात्रों की सप्लीमेंट्री आई हुई है। इस प्रकार 12 वीं में जबलपुर का ओवरऑल परिणाम 48.91% रहा। 12वीं के परीक्षा परिणाम में भी लड़कियों ने बाजी मारी है।
जबलपुर के करीब 50 हजार विद्यार्थियों ने दी थी परीक्षा
जबलपुर संभाग में 288773 विद्यार्थी इन परीक्षाओं में शामिल हुए थे। जबलपुर में शासकीय एमएलबी स्कूल में मूल्यांकन हुआ था। यहां दसवीं के 27326 विद्यार्थी शामिल हुए थे। वहीं बारहवीं में 22703 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। परीक्षा परिणाम को लेकर जबलपुर जिले के करीब 50 हजार विद्यार्थियों के मन में उथल-पुथल मची हुई थी। सभी विद्यार्थी अपना परीक्षा परिणाम जानने के लिए उत्सुक हैं। लेकिन सर्वर डाउन होने के कारण बेवसाइड खुलने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। गौरतलब हैं इस वर्ष 10वीं और 12वीं की परीक्षा में जबलपुर जिले के 10वीं के 27 हजार 326 विद्यार्थी और 12वीं के 22 हजार 703 विद्यार्थियों ने परीक्षाएं दी थी। हालांकि पिछले वर्ष जबलपुर कि प्रदेश में ओवर ऑल रैकिंग अच्छी नहीं रही थी। जबलपुर जिले ने प्रदेश भर में 40 वां स्थान हासिल किया था। जिले ने हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणामों में 41वी रैंक हासिल की है।
ग्रामीण क्षेत्र ने मारी बाजी, पाटन के राज सिंह का राज्य प्रावीण्य सूची में चौथा स्थान
पाटन के तान्या कान्वेंट स्कूल से अध्ययन कर रहे राज सिंह ठाकुर पिता हिम्मत सिंह ठाकुर ने जीव विज्ञान विषय की प्रावीण्य सूची में चौथा स्थान प्राप्त किया। उन्होंने 500 में से कुल 482 अंक अर्जित किए। ऐसा कर उन्होंने अपने मात -पिता ,विद्यालय ,नगर व जिले को गौरवान्वित किया है। पाटन नगर परिषद अध्यक्ष आचार्य जगेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष शक्ति देव कुमार यादव, सांसद प्रतिनिधि विवेक बबेले, पार्षदआदित्य नामदेव आदि ने विद्यालय पहुंचकर छात्र एवं विद्यालय प्रबंधन को मिठाई खिलाकरआगे भी यूं ही कीर्तिमान गढ़ते रहने की शुभकामनाएं दी। प्राचार्य सीएस ठाकुर, प्राधानाचार्य सुजीत सिंह, शिक्षक अनिल पटेल, जसपाल सिंह, हेमंत शर्मा, प्रताप नामदेव, धनंजय प्यासी, बृजेश विश्वकर्मा, सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्रों ने राज को बधाइयां देकर मिठाई खिलाईं।
सिहोरा के देव ने प्रदेश में हासिल की 10वीं रैंक, चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने की है चाहत
माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल के गुरुवार को घोषित 12वीं परीक्षा परिणाम में सालेम इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र सिहोरा (खितौला) बरा मोहल्ला निवासी देव कुमार चौरसिया ने प्रदेश भर में 10वीं रैंक हासिल की। उन्होंने 500 अंकों में से 470 अंकों के साथ जबलपुर जिले में कॉमर्स संकाय में पहला स्थान हासिल किया। अशोक कुमार चौरसिया- रेखा चौरसिया के पुत्र देव कुमार चौरसिया अपनी इस सफलता का श्रेय शालेम इंग्लिश मीडियम स्कूल के संचालक एम भास्कर अपनी बड़ी बहन अनन्या चौरसिया दिया। देव चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना चाहते हैं। देव ने बताया कि उन्हें अपनी मेरिट में आने की जानकारी अपने मित्रों से लगी। वह जबलपुर में सीईयूटी एग्जाम देने गए थे, जहां उसके मित्रों ने उसे बताया कि उसने स्टेट मेरिट में दसवीं रैंक हासिल की है।
सीए बनने का सपना है शिवांग नामदेव का
कक्षा 12वीं कामर्स संकाय के टापर गौतम जी की मडिया के पीछे ज्योति नगर निवासी शिवांग नामदेव ने बताया कि मैं पढ़ाई के दौरान इंटरनेट मीडिया से बिल्कुल दूर रहे। प्रतिदिन 6 से 7 घंटे पढ़ाई करते थे। शिवांग सीए की तैयारी कर रहे हैं। शिवांग का बचपन से ही सीए बनने का सपना था। शिवांग के पिता गोविंद नारायण नामदेव कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सदर में सहायक लिपिक के पद पर कार्यरत है वह माता ज्योति ग्रहणी हैं।
बच्चों में देखी जा रही उत्सुकताः
जैसे ही विद्यार्थियों को पता चला है कि आज बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम आने वाले हैं तभी से बच्चों में परिणामों को जानने की उत्सुकता बढ़ गई थी। कुछ ने पहले से ही घरों में पार्टी की तैयारी कर ली है तो कुछ ने घर में मीठा और पकवान बनवाने कह दिया है। परीक्षा परिणाम आते ही विद्यार्थियों की धड़कनें भी आज तेज हो गई।
रुक जाना नहीं से फिर दे सकते हैं परीक्षाः
वहीं शिक्षक और प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि ऐसे बच्चे निराश नहीं हों जिनके परीक्षा परिणाम खराब या वे उत्तीर्ण न हो पाएं। ऐसे विद्यार्थियों के लिए शासन रुक जाना नहीं योजना के नाम से फिर परीक्षा कराएगी जिसमें वे बच्चे दोबारा परीक्षा देकर अपना साल बचा सकते हैं।
Posted By: Rahul Raikwar
- # MP Board 10th Result 2023
- # MP Board 12th Result 2023
- # MP Board Result 2023
- # एमपी बोर्ड 10वीं 12वीं रिजल्ट
- # Jabalpur News
- # MP News
- # Jabalpur City News
- # Jabalpur Result
- # MPBSC MP Board Result 2023
- # MP Board Jabalpur Result