Jabalpur News : जबलपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। राशन दुकानों में प्रतिमाह सात तारीख को अन्नोत्सव मनाया जाता है। लेकिन इस महीने अन्नोत्सव का आयोजन नहीं हो पाया। इसकी वजह रही राशन दुकानाें की हड़ताल। यह हड़ताल सात फरवरी से चल रही है, जो नौ तक जारी रहेगी। इधर प्रशासन ने 10 फरवरी से अन्नोत्सव के तहत राशन वितरित कराने की बात कही है। यह मामला जल्द शांत होने वाला नहीं दिखता।

राशन दुकान संचालकों की मांग है कि उनका कमीशन बहुत कम है। उनको आए दिन प्रशासन के नए-नए आदेशों का पालन करना पड़ता है। उनके कर्मचारियों का पारिश्रमिक बहुत कम है। ऐसी तमाम मांगों को लेकर सरकारी उचित मूल्य दुकान संचालक एसोसिएशन देश भर में तीन दिवसीय सांकेतिक हड़ताल पर है। सात तारीख से शुरू यह विरोध नौ फरवरी को समाप्त हो रहा है। इसी हड़ताल के चलते राशन दुकानों में अन्नोत्सव का आयोजन नहीं किया जा सका। नौ फरवरी को राशन दुकान संचालक काम शुरू करेंगे। इसी लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से 10, 11 और 13 फरवरी को प्रदेश की राशन दुकानों में अन्नोत्सव कराने की बात कही है।

खाद्य विभाग इस मामले को इतने पर ही ठंडा पड़ने की उम्मीद जता रहा है, लेकिन ऐसा लगता नहीं। क्योंकि 22 फरवरी को देश भर के राशन दुकान संचालकों ने दिल्ली के रामलीला मैदान में जुटने का ऐलान किया है। वहां धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और भविष्य में होने वाले आंदोलनों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

राशन दुकान संचालकों को कमीशन बहुत कम मिल रहा है। खर्चे लगातार बढ़ रहे हैं। इसलिए तीन दविसीय सांकेतिक हड़ताल की जा रही है। इन मांगों को लेकर 22 फरवरी को दिल्ली के रामलीला मैदान में देश भर के राशन दुकान संचालक प्रदर्शन करेेंगे। -सोनू जायसवाल, अध्यक्ष राशन दुकान संचालक एसोसिएशन

सरकारी उचित मूल्य की राशन दुकानों में हड़ताल की वजह से सात तारीख को होने वाला अन्नोत्सव इस महीने नहीं हो पाया। इसका तीन दिवसीय आयोजन अब 10, 11 और 13 फरवरी को होगा। हितग्र्राही दुकानों पर पहुंच कर अपना राशन प्राप्त कर लें।

-कमलेश टांडेकर, जिला आपूर्ति नियंत्रक

Posted By: Dheeraj Bajpaih

Mp
Mp
  • Font Size
  • Close