जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। गोराबाजार थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो युवकों ने एक वृद्ध का मोबाइल झपट लिया। पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति बन गई, जब यह पता चला कि लूट का शिकार हुआ बुजुर्ग कोई और नहीं बल्कि संभाग के सबसे बड़े अधिकारी का नजदीकी रिश्तेदार है। इस जानकारी के बाद पुलिस ने सघन पड़ताल शुरू कर दी।
पुलिस से अनुसार मंगलवार की मार्निंग वाक पर निकले 82 वर्षीय सुभाषचंद्र मालवकर का मोबाइल अज्ञात बाइकर लूट कर फुर्र हो गए। यह घटना सृजन चौक से एम्पायर टाकीज के बीच की रही। लूट का शिकार हुए बुजुर्ग संभागायुक्त बी. चंद्रशेखर के ससुर हैं। इस घटना की जानकारी लगते ही पूरे शहर की पुलिस हाई अलर्ट मोड में चली गई। बिना शोर-गुल मचाए आरोपितों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। वह मालवकर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर भी आरोपितों का पता लगाने में जुटी हुई है। हालांकि अब तक पुलिस के हाथ खाली ही हैं।
फिलहाल अहमदनगर में रहते हैं मालवकर
पुलिस ने बताया कि मूलत: नासिक निवासी सुभाषचन्द्र मालवकऱ वर्तमान में महाराष्ट्र के अहमदनगर में रह रहे हैं। वे संभाग आयुक्त बी. चंद्रशेखर के ससुर हैं। वे कुछ दिन पहले ही घूमने के उद्देश्य से जबलपुर आए थे और अपने दामाद संभागीय आयुक्त बी. चंद्रशेखर के बंगले पर ही रुके थे।
बाइकर्स ने लूटा मोबाइल फोन
ऐसी ही एक अन्य घटना में मोटर सायकिल सवार दो आरोपितों ने 15 मई की रात एक युवक का मोबाइल फोन लूट लिया। ओमती पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि संजय नगर निवासी रोहित चौधरी 15 मई को साइकिल से घर जा रहा था। वह माडल हाई स्कूल के पास पहुंचा ही था कि बाइक सवार दो आरोपी उसके पास पहुंचे और उसका मोबाइल फोन लूट कर ले उड़े। इस मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।
Posted By: Mukesh Vishwakarma
- Font Size
- Close