जबलपु, नईदुनिया प्रतिनिधि। भू-माफिया, बदमाश-गुंडे, राशन खाने वाले, मिलावटखोर, बेटियों को डराने वाले, मसल पावर के दम पर अवैध काम करने वाले किसी को नहीं छोड़ा जाएगा। अफसरों से कहा गया है कि ऐसे लोगों को तबाह कर दो, माफिया के खिलाफ अभियान रोका नहीं जाएगा। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शहीद स्मारक में आयोजित आमसभा में कही। उन्होंने कहा कि जबलपुर की उपेक्षा नहीं की जाएगी। जबलपुर के लिए तीन साल की योजना बनाकर ही यहां से जाएंगे। मुख्यमंत्री का शनिवार को जबलपुर आगमन हुआ।
अवैध काम करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे: मुख्यमंत्री ने कहा कि चिटफंड कंपनियां पहले पैसा लेकर भाग जाती थीं। जनता शिकायत करती थी तो पुलिस एफआईआर दर्ज कर लेती थी, पर जनता का पैसा नहीं मिलता था। अब ऐसे चिटफंड कंपनी वाले को जमीन से भी खोजकर लाने का काम सरकार कर रही है। इतना ही नहीं उनकी संपत्ति बेचकर जनता का पैसा चुकाया जा रहा है। ऐसे अब तक 800 करोड़ रुपये जनता को लौटा चुके हैं। बेटियों से छेड़छाड़ और बलात्कार करने वालों के लिए मौत की सजा का प्रविधान सरकार ने कर रखा है। न्याय में देरी की वजह से फांसी में देरी है। अब तक 37 दरिंदों को फंासी की सजा हो चुकी है। दो की याचिका दया माफी के लिए भी लंबित है। उन्होंने लव जिहाद कानून का भी जिक्र किया। कहा कि कुछ दरिंदे नाम और पहचान छुपाकर बेटियों को ले जाते हैं। ऐसे तीन हजार से ज्यादा बेटियों को बरामद किया गया है।
महाकोशल की उपेक्षा नहीं : महाकोशल की उपेक्षा के घाव को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भरने की कोशिश की। शहीद स्मारक की सभा में उन्होंने भरोसा दिया कि जबलपुर की उपेक्षा नहीं होगी। वो जबलपुर के तीन साल के विकास की योजना बनाकर ही जाएंगे। मुख्यमंत्री ने दावा किया जबलपुर के विकास में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां गरीब रहेगा वहीं उसे पट्टा देकर मालिक बनाएंगे
आयुष्मान कार्ड बन रहे, जनता ने कहा 'नहीं बने : आयुष्मान कार्ड बनाने को लेकर मुख्यमंत्री ने मंच से दावा किया जबलपुर में आयुष्मान कार्ड बनाने कहा गया है। जनता की बीच से लोगों ने कहा कि 'आयुष्मान कार्ड नहीं बन रहे हैं। ये सुनकर मुख्यमंत्री ने कलेक्टर और जनप्रतिनिधियों को कहा कि देखंे आयुष्मान कार्ड बनवाने से कोई छूट न जाए।
Posted By: Ravindra Suhane
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे