
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर: पंडित द्वारका प्रसाद मिश्र भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी डिजाइन एवं विनिर्माण संस्थान (IIITDM) के 13वें दीक्षांत समारोह में डायरेक्टर प्रो.बीके सिंह को छात्रों ने चश्मा पहना दिया, यह बात डीन प्रोफेसर विजय कुमार गुप्ता को रास नहीं आई और उन्होंने मंच छोड़ दिया। इस मामले ने इतना तूल पकड़ा कि डायरेक्टर ने डीन को पद से अलग कर दिया है।
मालूम हो कि गत 11 दिसंबर को संस्थान के प्रेक्षागृह में 13वां दीक्षा समारोह आयोजित हो रहा था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजीव गांधी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी आयोग के अध्यक्ष और परमाणु ऊर्जा आयोग के पूर्व अध्यक्ष डा. अनिल काकोडकर थे। मंच से जब बीटेक, एमटेक और पीएचडी शोधार्थियों को उपाधि वितरण किया जा रहा था। तभी विद्यार्थियों के उत्साह और खुशी के लिए डायरेक्टर और अतिथि भी उनके अनुसार फोटो करवाने लगे।
इस बीच एक विद्यार्थी ने उपाधि लेते समय डायरेक्टर को काला गागल पहनने का आग्रह किया जिसे डायरेक्टर ने गागल पहन लिया और विद्यार्थी ने भी काला गागल पहनकर फोटो खिंचावाया। यह देखकर मंच पर बैठे डीन एकेडमिक विजय कुमार गुप्ता नाराज हो गए। उन्होंने इसे गरिमा के अनुरूप नहीं बताते हुए कार्यक्रम का बायकाट करने की घोषणा की।
उन्होंने मंच छोड़ा और सामने वाली कुर्सी पर बैठ गए। यह देखकर डायरेक्टर और अतिथि भी असहज हो गए। उन्होंने इस हरकत के लिए पहले तो डीन प्रो.गुप्ता को कार्यक्रम स्थल छोड़कर जाने के लिए कहा। और बाद में उन्हें पद से हटाने के आदेश भी जारी कर दिए गए।
इस मामले में जब डायरेक्टर प्रो.बीके सिंह से जब बात की गई तो उन्होंने इस संस्थान से जुड़ा विषय बताया। उन्होंने कहा कि कुछ विद्यार्थी देश के शीर्ष तकनीकी शिक्षण संस्थानों में पिछले दिनों हुए दीक्षांत समारोह में अलग-अलग अंदाज में डायरेक्टर के साथ फोटो खिंचवाने का वीडियो देखा था, जिससे प्रेरित होकर वे यहां भी मंच में मुझसे अपने अंदाज में फोटो खिंचवाने की बात कह रहे थे। हमने उनकी खुशी के लिए ऐसा करने की अनुमति दी थी।
अच्छी बात थी कि हर विद्यार्थी इसकी अनुमति मंच पर मांग रहा था। उन्होंने कहा कि बच्चों की खुशी के लिए ऐसा किया गया। लेकिन इस दौरान डीन एकेडमिक नाराज हुए और माइक लेकर बायकाट कर दिया।