Mahakoshal Vindhya Weather Update: जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। जबलपुर में एक बार मौसम की रंगत बदली रही है। गुरुवार को नौतपा के पहले दिन बादल छाए रहे। सुबह से तेज धूप तीखी गर्मी का एहसास कराती रही। लू भी परेशान करती रही। धूप बादल के बीच लुकाछिपी का खेल दिनभर चलता रहा। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर से आगामी 24 घंटे में संभाग के जिलों में हल्की वर्षा की संभावना है। हवाएं भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं, जबकि महाकोशल-विंध्य-बुंदेलखंड के नरसिंहपुर और उमरिया में तापमान में उछाल रहा और पारा 43 डिसे के पार रहा। कटनी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली में धूप-छांव की स्थिति बनी रही। रीवा, सीधी और सिंगरौली में दोपहर में बूंदाबांदी भी हुई। अंचल के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सिवनी में सुबह से तेज धूप रही, दोपहर बाद गर्म हवाओं से लोग परेशान दिखे।
नौतपा के पहले ही बादलों ने सूरज की गर्मी निकाल दी
जबलपुर में सुबह से ही सूरज आंखे तरेरे रहा। तेज धूप लोगों के पसीने छुड़ाती रही। लेकिन दोपहर मौसम की रंगत बदलने लगी। धूप के बीच बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। बादलों के साये में चार से पांच किमी प्रति घंटे की गति से चली उत्तर-पश्चिमी हवा धूप और गर्मी से राहत देती रही। नौतपा के पहले दिन पारा भी सामान्य से दो डिग्री तक कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार जबलपुर में अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान कम होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत रही। मौसम विभाग की माने तो वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में एक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। दक्षिण पूर्वी मध्यप्रदेश से लेकर कनार्टक तक एक ट्रफ लाइन गुजर रही है। इसके असर से हवा में नमी आने से बादल छा रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान जबलपुर सहित संभाग के जिलों में कहीं-कहीं गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई है।
चार दिन मिलेगी गर्मी से राहत
बहरहाल नौतपा से लोगों को अभी कुछ दिन राहत मिलेगी। क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के प्रभारी अधिकारी बीजू जॉन जैकब ने बताया कि उत्तर भारत में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ और मध्यप्रदेश के ऊपर से गुजर रहे ट्रफ के कारण जबलपुर सहित संभाग के जिलों में मौसम में बदलाव देखा जा सकेगा। अगले चार दिनों तक बादल और हल्की वर्षा के संकेत मिल रहे हैं। तापमान भी 39 डिग्री के आस-पास ही बना रहेगा। यानी नौतपा में अगले चार दिन लोगों को तेज धूप और गर्मी से कुछ हद तक राहत मिल सकती है।
हवा में घुली शीतलता
गुरुवार को दिन में तेज धूप लाेगों के पसीने छुड़ाती रही। वातावरण में गर्मी का अहसास भी होता रहा। लेकिन उत्तर पश्चिमी हवा में घुली शीतलता से गर्मी का असर जाता रहा। दोपहर बादल छाए रहे तो शाम को मौसम खुशनुमा रहा।
तापमान में आई मामूली गिरावट
बादलों के फेर में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम होकर 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। गत वर्ष भी आज के दिन अधिकतम कम रहा। अधिकतम तापमान 36.7 और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
आज ऐसा रहा महाकोशल विंध्य का तापमान
नरसिंहपुर- 43.8
उमरिया- 43.2
सतना-41.6
शहडोल-41.0
रीवा- 40.9
डिंडौरी- 40.5
सिंगरौली- 40.5
बालाघाट- 40.2
सीधी- 40.1
जबलपुर- 40.0
दमोह- 40.0
कटनी- 40.0
अनूपपुर-40.0
मंडला- 39.0
पन्ना- 38.0
सिवनी- 38.0
शाम की आर्द्रता- 28 प्रतिशत
Posted By: Rahul Raikwar
- # Jabalpur Weather
- # Jabalpur News
- # MP Weather
- # Western Disturbance
- # Madhya Pradesh Weather News
- # Jabalpur Weather News
- # Jabalpur City News
- # Heat Wave
- # Summer Season
- # Vindhya Weather
- # Mahakoshal Weather
- # Vindhya Mahakoshal Weather
- # Mahakoshal Vindhya Weather Update
- # Weather Update
- # MP Weather Update
- # Madhya Pradesh Weather Update
- # Madhya Pradesh Today Weather
- # Today Weather in Madhya Pradesh
- # Today Weather in Mahakoshal Vindhya