जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत जेल भेजे गए बदमाश तुषार पटेल को पुलिस ने रिवाल्वर जब्त कर ली है। इसी रिवाल्वर से आरोपित ने यादव कालोनी में चंद घंटे के भीतर दो बार गोली चलाई थी। जिसमें दूसरी दफा गोली लगने से युवक घायल हो गया था। उसे गिरफ्तार कर अन्य मामले में पुलिस ने जेल भेज दिया था। जिसे अब इस मामले की जांच करने के लिए रिमांड पर लिया गया है। पुलिस की पूछताछ में तुषार ने बताया कि हथियार उसे जेल में बंद छोटू चौबे उर्फ सुयश ने मुहैया कराए थे। इतना ही नहीं उसने इसी गैंग के सदस्यों के साथ घटना के बाद फरारी भी काटी थी।
ज्ञात हो कि बीते 31 दिसम्बर की दोपहर लगभग एक बजे तुषार पटेल ने मातेश्वरी मंदिर के पास विशाल खरे पर फायर किया, लेकिन विशाल बच गया था। उस वक्त आरोपित हवाई फायर करते हुए वहां से भाग निकला। शाम लगभग छह बजे तुषार फिर यादव कालोनी इलाके में पहुंचा और इस बार उसने जय नगर पार्क के पास विक्की पटेल को निशाना बनाया। गोली लगने से विक्की घायल हो गया। इस घटना के बाद पांच जनवरी को आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस ने 20 जनवरी को दोबारा जेल से उसकी रिमांड ली। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि तुषार ने कुछ समय पूर्व मदन महल में भी यश तिवारी पर चाकू से वार किया था। वह इस मामले में भी फरार था। लार्डगंज पुलिस ने इसकी जानकारी मदन महल पुलिस को दे दी है। लार्डगंज की रिमांड खत्म होने के बाद मदन महल पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए उसे रिमांड पर लिया जाएगा।
बदमाशों के साथ काटी फरारी : पुलिस रिमांड के दौरान तुषार ने बताया कि वह छोटू चौबे गैंग के सदस्य सतीष, राजा, सत्यम मदारी और हर्ष के साथ फरारी काट रहा था। 31 दिसम्बर को छोटू ने उसे हथियार मुहैया कराया, जिसके बाद वह बाइक से यादव कालोनी पहुंचा और वारदातों को अंजाम दिया।
Posted By: Brajesh Shukla