जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। हवाओं ने एक बार फिर अपनी दिशा बदल दी है। उत्तर की ओर से आने वाली हवाएं रविवार की सुबह उत्तर-पूर्वी हो गईं। इसी वजह से सुबह के समय ठंड का एहसास कम हुआ। दिन में भी धूप गुनगुनी महसूस हो रही थी। हवाओं के कारण न्यूनतम पारा भी आधा डिग्री ऊपर दर्ज हुआ।
मौसम फिर बदलना शुरू हो गया है। करीब 4 दिन तक शहर को ठिठुराने के बाद रविवार की सुबह से हवाओं ने थोड़ी राहत दी। उत्तर की आ रहीं ठंडी हवाएं बदलकर न सिर्फ उत्तर-पूर्वी हो गईं बल्कि उनकी रफ्तार भी कम हो गई। ठंड कम होते ही लोगों ने राहत की सांस ली और सुबह-सुबह बाहर बैठकर धूप का आनंद उठाते रहे। हालांकि कोहरा की चादर थोड़ी देर तक बिछी रही लेकिन उसके बाद भी सूरज समय से अपनी ऊष्मा देना लगा था। मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक-दो दिन में मौसम और बदल सकता है। हवाओं की दिशा बदल गई है इसलिए पारा के थोड़ा ऊपर जाने की संभावना है। ठंड से भी थोड़ी राहत मिल सकती है। हांलाकि ठंड अभी पूरी तरह खत्म नहीं होगी। खंभात की खाड़ी में तैयार हो रहा नया सिस्टम यदि सक्रिय हो गया तो आसमान पर बादल और बारिश की संभावना फिर बन सकती है। उसके बाद ठंड फिर लौट सकती है। ठंड के मिजाज मार्च अंत तक इसी तरह बने रहने की संभावना व्यक्त की जा रही है। इससे पहले शनिवार को भी ठंड से हल्की राहत रही। खासतौर से रात के समय पिछले चार-पांच दिनों की तुलना में ठंड कम ही महसूस हुई।
Posted By: Ravindra Suhane
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे