Naidunia City Diary : शहर में सप्ताहभर में होने वाले कार्यक्रम और अनुष्ठान के विषय में जान लें। सप्ताहभर के कार्यक्रम की योजना बनाने में आपको सहूलियत होगी।
डा. कीर्ति श्रीवास्तव : गायन के क्षेत्र में सक्रिय
जबलपुर में जन्मी डा.कीर्ति श्रीवास्तव ने संगीतकार मदनमोहन पर पीएचडी की है। वे गजल गायिका के साथ-साथ शास्त्रीय गायिका भी हैं। फिल्मी गीतों को भी बखूबी गाती हैं। म्युजिक कंपोजिंग के क्षेत्र में भी महारत हासिल है। वे माता गुजरी महिला महाविद्यालय, जबलपुर में सहायक प्राध्यापिका के रूप में सेवा दे रही हैं। उनके पति ऋषभ श्रीवास्तव भी गीत-संगीत के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे हर कदम पर उनका साथ देते हैं। इस दंपति की बेटी रत्निका बेहद प्रतिभाशाली गायिका है,जो छोटे पर्दे पर नाम रोशन कर चुकी है।
संगीत संकल्प, रागश्री संगीत विद्यालय व गुंजन संगीत ने सिखाए गायन के गुर
पिछले दिनों संस्कारधानी में अनूठा सांस्कृतिक आयोजन हुआ। इसके तहत शहर की संस्थाओं संगीत संकल्प, रागश्री संगीत विद्यालय व गुंजन संगीत ने सिखाए गायन के गुर सिखाए। एक दिवसीय कार्यशाला के प्रथम सत्र में शहर की गायिका डा.कीर्ति श्रीवास्तव ने सुगम संगीत में भारतीय रागों की उपयोगिता अत्यंत रोचक ढ़ंग से समझाते हुए प्रशिक्षुओं को भजन व गजल की सीख दी। दूसरे सत्र में की-बोर्ड प्लेयर व गिटारवादक अमर छेत्री ने पाश्चात्य स्वरलिपि की जानकारी दी। अंतिम सत्र में तबला वादक सुरेश पाठक ने स्वतंत्र तबला वादन की बारीकियां सिखाईं। संगीत संकल्प की अध्यक्ष साधना उपाध्याय ने प्रेरक उद्बोधन दिया। इस कार्यशाला से 40 संगीत प्रेमी बच्चे लाभांवित हुए। अजय गोलाईत, श्रीपद कायंदे, संजय वर्मा, प्रद्युम्न कायंदे, विजय भावे, शरद आठले व ऋषभ श्रीवास्तव का सहयोग रहा।
शहर के डा. एमसी डावर पांच अप्रैल को पद्मश्री से होंगे विभूषित
डाक्टर को धरती पर भगवान का दूसरा रूप कहा जाता है। सही मायने में ये भगवान से कम नहीं होते। कोरोना काल में मानवता की रक्षा में इस बिरादरी ने अपनी जान की बाजी लगा दी थी। ऐसे ही हैं डा. (कैप्टन) एमसी (मुनीश्वर चंद्र) डावर जो देश की सेवा के लिए युद्ध के मैदान में कूद पड़े और उसके बाद समाज सेवा को ही अपना जीवन मान लिया। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर जब पद्म श्री पुरस्कार के लिए उनके नाम की घोषणा की गई थी, तो संस्कारधानी में खुशी छा गई थी। इस खुशी के और बढ़ने का दिन आगामी पांच अप्रैल है, इस दिन डा.डावर को पद्यश्री से अलंकृत किया जाएगा।
परिचय :
- 77 वर्षीय डा. डावर नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कालेज अस्पताल में 1967 बैच के एमबीबीएस छात्र रहे हैं।
- 1971 में पाकिस्तान से युद्ध में उन्होंने हिस्सा लिया था। डा. एमसी डावर भारतीय सेना में एक साल ही पदस्थ रहे। 1971 की लड़ाई में उनकी पदस्थापना बांग्लादेश में की गई थी। जहां उन्होंने घायल जवानों की जान बचाई थी। युद्ध खत्म होने के बाद स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने सेना की नौकरी से त्यागपत्र दे दिया था।
- 1972 में जबलपुर में निजी औषधालय खोलकर पीड़ित मानवता की सेवा की यात्रा शुरू की थी।
- 52 साल से अधिक समय की निजी प्रैक्टिस में वे मरीजों से 10 रुपये तक ही फीस ले पाए। मात्र दो रुपये फीस लेकर उन्होंने वर्षों तक मरीजों की सेवा की। चिल्लर की कमी के कारण इन दिनों कुछ मरीजों से वे 20 रुपये फीस लेने लगे हैं। उन्हें 2019 में पद्मभूषण के लिए नामांकित किया गया था।
2 अप्रैल-पॉम संडे
संस्था-मसीही समाज
स्थान-होली ट्रिनिटी चर्च भंवरताल
समय-सुबह 7.30 बजे
आयोजन-ईसाई धर्म के प्रमुख पर्वों में से एक पर्व पॉम संडे रविवार को भक्ति और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। मसीही समाज के लोगों का कहना है कि येसु मसीह जो पिता परमेश्वर के इकलौते पुत्र हैं। उनके येरूसलम में प्रवेश को पॉम संडे के रूप में मनाया जाता है। पाम संडे यानि खजूर रविवार को प्रभु येसु ने येरुशलम में प्रवेश किया था। पवित्र बाइबिल के अनुसार प्रभु येसु संसार के राजा होने के बाद भी विनम्र एवं दीन बनकर गधे पर चढ़कर यरुशलम पहुंचे। इस दिन को ''पाम संडे'' कहते हैं।
2 अप्रैल-जवारा विसर्जन शोभायात्रा
संस्था-मां राजराजेश्वरी बूढ़ी खेरमाई धूमावती सिद्ध शक्तिपीठ महामठ
स्थान-चारखंभा
समय-शाम 6 बजे
आयोजन-मां राजराजेश्वरी बूढ़ी खेरमाई धूमावती सिद्ध शक्तिपीठ महामठ चारखंभा का जवारा विसर्जन दो अप्रैल को किया जाएगा। शाम छह बजे से जवारा विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा मंदिर प्रांगण से निकलकर मछली मार्केट, छोटा फुहारा, उपरेनगंज, दीक्षितपुरा, पांडे चौक, बड़ा फुहारा, कमानिया गेट, सराफा चौक, तमरहाई चौक, मिलोनिगंज चौक, घोड़ा नक्कास होते हुए हनुमानताल पहुंचेगी जहां जवारा विसर्जन किया जाएग। अग्नि झूला, कलश यात्रा, कई हजार बानो की श्रृंखला, विशेष 21 फनी का बाना जिसे एक साथ 21 लोग पहनकर चलेंगे, आकर्षण का केंद्र होंगे।
7 अप्रैल-गुड फ्राइडे
संस्था-मसीही समाज
स्थान-समस्त गिरिजाघर
समय-सुबह 7 बजे
आयोजन-संस्कारधानी के सभी गिरिजाघरों में शुक्रवार को सुबह से ही प्रार्थना का दौर चलेगा। गुड फ्राइडे को ही प्रभु येसु मसीह ने प्राण त्यागे थे, अत: इस दिवस को बलिदान दिवस के रूप में प्रतिवर्ष मनाया जाता है। इस दिन उपवास किया जाता है। गुड फ्राइडे को होली फ्राइडे, ब्लैक फ्राइडे भी कहा जाता है। प्रत्येक वर्ष ईस्टर संडे से पहले पड़ने वाले शुक्रवार को गुड फ्राइडे मनाया जाता है। इसे ईसाई धर्म का प्रमुख त्योहार माना जाता है।
6 अप्रैल-हनुमान प्राकट्योत्सव
संस्था-पाटबाबा मंदिर
स्थान-मंदिर प्रांगण
समय-सुबह 6 बजे
आयोजन-शहर के हनुमान मंदिरों में रामभक्त हनुमान का प्राकट्योत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। शहर के प्रसिद्ध मंदिरों में इसकी तैयारी शुरू हो गई है। पाटबाबा मंदिर जीसीएफ में प्राकट्योत्सव पर विविध आयोजन होते हैं। इसके साथ ही चैतन्य सिटी बिलहरी और रामलला मंदिर गौरीघाट में भक्तों का मेला भरता है। शहर के अन्य हनुमान मंदिरों में भी सुबह से अनुष्ठान और भंडारा शुरू होगा।
2 अप्रैल-लोकतंत्र बचाओ मशाल जुलूस
संस्था-युवक कांग्रेस
स्थान-बड़ापत्थर रांझी
समय-शाम 6.30 बजे
आयोजन-युवक कांग्रेस द्वारा लोकतंत्र बचाओ मशाल जुलूस का आयोजन किया जा रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद करने के विरोध में आयोजन किया जा रहा है। बड़ा पत्थर से शुरू होकर मशाल जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए व्हीकल मोड़ पहुंचेगा जहां कार्यक्रम का समापन होगा। जुलूस का नेतृत्व युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीबी श्रीनिवास करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, नगर अध्यक्ष एवं महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, कांग्रेस विधायक समेत सभी घटकों के कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
2 अप्रैल-शास्त्रीय संगीत पर कार्यशाला
संस्था-आरोह संगीत महाविद्यालय एवं संगीत संकल्प
स्थान-आरोह संगीत महाविद्यालय कछपुरा
समय-शाम 4 से 6 बजे
आयोजन-आरोह संगीत महविद्यालय एवं संगीत संकल्प द्वारा कलाप्रेमियों के ज्ञानवर्धन के लिए समय-समय पर कार्यशाला का आयोजन किया जाता है। इस बार कार्यशाला में शास्त्रीय संगीत में गायन वादन व नृत्य में तबला संगत का महत्व व पद्धति की बारीकियां सिखाई जाएंगी। सुप्रसिद्ध तबला वादक रवि परांजपे कलाकारों को प्रेरित करेंगे।
2 अप्रैल-अहिंसा स्वच्छता रन
संस्था-जैन इंटरनेशनल ट्रेड आर्गनाइजेशन, नगर निगम
स्थान-कमानिया गेट
समय-सुबह 6 बजे
आयोजन-जियो और जीने दो का संदेश देने वाले भगवान महावीर के जन्म कल्याणक के उपलक्ष्य में अहिंसा स्वच्छता रन का आयोजन किया जा रहा है। कमानिया गेट पर एकत्र होकर प्रतिभागी बड़ा फुहारा, खजांची चौक, तुलाराम चौक, करमचंद चौक, राजीव गांधी चौक, जबलपुर हास्पिटल तिराहा, ब्लूम चौक, तीन पत्ती, मालवीय चौक, लार्डगंज थाना होते हुए पुन: बड़ा फुहारा पहुंचेंगे। तीन, पांच व दस किलोमीटर के अलग-अलग वर्ग में अहिंसा रन होगी। इसे गिनीज बुक आॅफ वल्र्ड रिकार्ड में दर्ज कराया जाएगा। अहिंसा स्वच्छता रन के जरिए विश्व में शांति व सद्भाव का संदेश देने का संकल्प लिया गया है।
Posted By: Dheeraj Bajpaih
- # Naidunia City Diary
- # नईदुनिया सिटी डायरी
- # Jabalpur
- # Todays Event in Jabalpur
- # Today Program List in Jabalpur
- # Jabalpur City Latest News
- # Jabalpur News in Hindi
- # Jabalpur Samachar
- # जबलपुर में आज
- # जबलपुर में आज के कार्यक्रम
- # जबलपुर शहर में आज के कार्यक्रम
- # जबलपुर समाचार