जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। शहर के वकीलों को विदेश जाकर विधिक ज्ञान अर्जित करने का अवसर मिलेगी। यह संभव होगा एक ऐसे संगठन से जुड़ने से, जो लंबे समय से भारत को दुनिया के दूसरे देशों के विधिक जगत से जोड़े हुए है। हाई कोर्ट बार एसोसिएशन, जबलपुर के सिल्वर जुबली आदर्श सभागार में इंटरनेशनल काउंसिल आफ ज्यूरिस्ट्स के चेयरमैन डा.आदिश सी अग्रवाल का सम्मान हुआ। उन्होंने भारत में लोकतंत्र की मजबूती के संदर्भ में वकीलों की भूमिका विषय पर सारगर्भित व्याख्यान दिया।
आल इंडिया बार एसोसिएशन के पूर्व वाइस चेयरमैन व बार कौंसिल आफ इंडिया के पूर्व वाइस चेयरमैन के रूप में अपने अनुभवों को साझा किया। साथ ही इंटरनेशनल काउंसिल आफ ज्यूरिस्ट्स संस्था के कामकाज के सिलसिले में विस्तार से जानकारी दी। यही नहीं अधिवक्ताओं व लीगल रिपोर्टर्स को प्रमाण-पत्र, परिचय पत्र व अंगवस्त्र से अलंकृत भी किया। इस दौरान एमपी स्टेट बार कौंसिल के पूर्व चेयरमैन रामेश्वर नीखरा, प्रवक्ता राधेलाल गुप्ता, सदस्य शैलेंद्र वर्मा, खालिद नूर फखरूद्दीन सहित अन्य मंचासीन रहे। हाई कोर्ट बार अध्यक्ष संजय वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। सचिव परितोष त्रिवेदी ने कार्यक्रम का संचालन किया। संयुक्त सचिव दीपक कुमार सिंह ने आभार प्रदर्शन किया।वक्ताओं ने डा. अग्रवाल से जुड़े अपने संस्मरण सुनाए। उनके साथ विदेश यात्राओं के दौरान अर्जित विधिक ज्ञान को रेखांकित किया।
तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश व पंजाब हरियाणा में अतिरिक्त महाधिवक्ता रह चुके डा.अग्रवाल ने उन तमाम संस्थाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी, जिनसे जुड़कर उन्होंने अधिवक्ता समुदाय के हितार्थ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्य किया है।हाई कोर्ट बार के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रशांत अवस्थी, उपाध्यक्ष अाशीष तिवारी, पुस्तकालय सचिव संगीता नायडू, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र खरे, कार्यकारिणी सदस्य विपुलवर्धन जैन सहित अन्य मौजूद रहे। डा. अग्रवाल ने जिन वकीलों को सदस्य बनाया है, भविष्य में लंदन सहित अन्य जगहों पर उनको कार्यक्रम में शामिल होने बुलाया जाएगा। इसे लेकर सभी इंतजाम किए जाएंगे। पूर्व में भी ऐसे आयोजनों के वरिष्ठ वकील साक्षी रहे हैं।
Posted By:
- Font Size
- Close