Jabalpur News : जबलपुर ( नईदुनिया प्रतिनिधि)।उत्तर भारत में हुई बर्फबारी से जबलपुर सहित प्रदेश एक बार फिर ठंड की आगोश में है। पांच किमी प्रतिघंटे की गति से चल रही उत्तरी हवा से वातावरण में गलाव वाली ठंड महसूस होने लगी है। गुरुवार को भी सुबह से बर्फीली हवा के झोंके लोगों को सिहराते रहे, लोग गर्म कपड़े पहनकर निकले। दोपहर में धूप में तीखापन रहा पर सर्द हवा से असर कम रहा। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे के दौरान जबलपुर सहित संभाग के जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। यानी शुक्रवार को भी वातावरण में ठंडक घुली रहेगी।
पांच डिग्री तक गिरा रात का पारा-
उत्तरी बर्फीली हवा से वातावरण में घुली ठंडक से रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से पांच डिग्री तक लुढ़क गया। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री से गिरकर 6.5 डिग्री तक नीचे आ गया। वहीं अधिकतम तापमान भी सामान्य से 1.0 डिग्री कम रहा। हालांकि बुधवार के मुकाबले तापमान में आंशिक बढ़ोतरी रही। अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मौसम पूरी तरह से साफ हो गया है। पश्चिमी विक्षोभ के भी कोई नए संकेत नहीं मिल रहे हैं। अब धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी होगी और आने वाले दिनों में ठंड का असर और कम हो जाएगा। धूप में तीखापन भी महसूस होने लगेगा।
वहीं गत वर्ष फरवरी माह की बात करें तो आज के दिन जोरदार वर्षा हुई थी। मौसम विभाग के रिकार्ड में 16.2 मिली मीटर यानी करीब आधा इंच वर्षा दर्ज की गई थी। वहीं तापमान भी बढ़ा रहा। गत वर्ष आज के दिन का अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री और न्यूनतम 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
पांच दिनों में ऐसे गिरा तापमान
दिन - अधिकतम - न्यूनतम
28 जनवरी - 24.9 - 12.6
29 जनवरी - 28.8 - 11.7
30 जनवरी - 31.3 - 13.3
31 जनवरी - 24.5 - 13.5
01 फरवरी - 23.8 - 11.1
02 फरवरी - 24.2 - 6.5
पूर्वानुमान - अधिकतम - न्यूनतम
जबलपुर
03 फरवरी - 24.0 - 7.0
04 फरवरी - 25.0 - 8.0
कटनी
03 फरवरी - 28.0- 12.8
04 फरवरी - 28.3 -13.9
मंडला
03 फरवरी - 29.0- 8.0
04 फरवरी -29.0 -8.0
Posted By: Dheeraj Bajpaih