Jabalpur News : जबलपुर (नईदुनिया प्रतिनधि)। फिजियोथेरेपिस्ट को रात के वक्त दो युवकों को लिफ्ट देना भारी पड़ गया। युवकों ने पहले लिफ्ट ली और गंतव्य पर पहुंचकर चाकू से हमला कर दिया। किसी तरह फिजियोथेरेपिस्ट ने भागकर अपनी जान बचाई। वह सारी रात सब्जी मंडी में छुपा रहा। सुबह होते ही उसने पुलिस को घटना की सूचना दी। लार्डगंज पुलिस ने दो बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

लार्डगंज पुलिस ने बताया कि बीटी तिराहा निवासी नीलेश नागसेन फिजियोथेरेपिस्ट है। रविवार रात उसने अपनी क्लीनिक बंद करने के बाद अपने मित्र विपिन डहेरिया के घर गया। जहां कुछ देर रूकने के बाद वह वापस अपने घर के लिए रात पौने 12 बजे निकला। नीलेश पांडे चौक पहुंचा ही था कि दो युवकों ने उसे हाथ देकर लिफ्ट देने का इशारा किया। नीलेश ने मोपेड रोकी, तो दोनों युवकों को लिफ्ट दे दी। दोनों को आगा चौक कब्रिस्तान के पास जाना था। नीलेश ने जैसे ही वहां गाड़ी रोकी, तो दोनों आरोपी नीलेश से बातचीत करने लगे। इस दौरान दोनों ने नीलेश की जांघ पर चाकू से वार कर दिया। घायल नीलेश बेहद घबरा गया। उसने तत्काल मोपेड चालू की और सब्जी मंडी की तरफ भागा। आरोपितों ने उसका पीछा भी किया। लेकिन जान बचाकर नीलेश सब्जी मंडी की एक दुकान की आड़ में छिप गया। आरोपित वहां पहुंचे। लेकिन नीलेश नहीं मिला, तो वे वहां से भाग निकले। इधर नीलेश डर था कि कहीं उसे बदमाश खोज न रहे हो इसलिए वह वही छुपा रहा।

दुकानदारों ने देखा दी मदद-

सोमवार सुबह सब्जी मंडी के दुकानदार मंडी में पहुंचे तो देखा कि नीलेश एक दुकान के बाहर छिपा था। उसका पेंट खून से लाल थी तब दुकानदारों ने एम्बुलेन्स को सूचना दी। एम्बुलेन्स मौके पर पहुंची। जिसके बाद नीलेश को विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया। सूचना पर लार्डगंज थाने की पुलिस अस्पताल पहुंची और नीलेश की रिपोर्ट पर आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।

Posted By: Jitendra Richhariya

Mp
Mp
  • Font Size
  • Close