जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भले ही शहर में पार्टी के आयोजन में शामिल होने जा रहे हैं, लेकिन उनकी यहां ससुराल भी है। शुरुआती दो दिन के बाद अंतिम तीसरा दिन नड्डा ससुराल में रहेंगे। यहां वे परिवार के साथ वक्त बिताएंगे। यह उनका पूरी तरह निजी कार्यक्रम होगा।
नड्डा केंद्रीय मंत्री रहते हुए इससे पहले जबलपुर आए थे, लेकिन उसके बाद उनका जबलपुर आगमन नहीं हो पाया। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद वे व्यस्तता की वजह से नहीं आ पाए। पिछले कुछ दिनों पूर्व विवाह समारोह में उनका आने का कार्यक्रम तय हुआ था, लेकिन किन्हीं कारण से नहीं आ पाए। अब जबकि वो जबलपुर में रहेंगे, तो दो जून की रात वो सिविल लाइन स्थित अपने ससुराल में रहेंगे। यहां तीन जून को दोपहर तक रुकने के बाद वे दिल्ली के लिए सीधे रवाना हो जाएंगे। पार्टी की तरफ से अभी उनके तीसरे दिन के कार्यक्रम को जाहिर नहीं किया गया है। विशेषरूप से इस आयोजन को निजी रखा गया है।
वीडी शर्मा का भी यहीं ससुराल
ये संयोग ही है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा का भी ससुराल जबलपुर में हैं और वो भी इस दौरान यहीं रहेंगे। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का भी ससुराल है। राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष की सास राजनीति में सक्रिय रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा की सास जयश्री बैनर्जी पूर्व सांसद थीं। अब उनकी सेहत कमजोर होने के कारण फिलहाल घर में आराम करती हैं। वहीं विष्णुदत्त शर्मा की सास भाजपा की सक्रिय पदाधिकारी हैं।
Posted By: Mukesh Vishwakarma
- Font Size
- Close