जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि।
दक्षिण पूर्व मध्य रेल के नागपुर मंडल के डीआरएम मनेंद्र उप्पल नैनपुर से गढ़ा तक रेल ट्रैक और प्लेटफॉर्म की व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जबलपुर पहुंचे। डीआरएम के साथ रेलवे के आला अधिकारी भी आए। रेलवे की टीम ने ग्वारीघाट और गढ़ा रेलवे स्टेशन तक निरीक्षण किया। यहां उन्होंने यात्री सुविधाओं का जायजा लेने के बाद गढ़ा स्टेशन में मालगाडिय़ों में लोडिंग- अनलोडिंग की व्यवस्था का निरीक्षण भी किया। साइडिंग में फैली अव्यवस्था पर डीआरएम ने रोष व्यक्त किया।
डीआरएम की टीम गढ़ा से ग्वारीघाट स्टेशन तक स्पेशल ट्रेन से लौटीं। इस दौरान डीआरएम ने विंडो इंस्पेक्शन किया। निरीक्षण के दौरान कुछ स्टेशन में प्लेटफॉर्म का रखरखाव सही तरीके से नहीं होने पर अधिकारियों को डांट लगाई। बिनैकी स्टेशन में प्लेटफॉर्म में कोयला की परत जमी दिखने के बाद कर्मचारियों को सही तरीके से कार्य करने के लिए कहा। स्टेशनों पर साफ-सफाई रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
ग्वारीघाट स्टेशन में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही कर्मचारियों की उपस्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के समय स्वास्थ्य अधिकारी नजर नहीं आई तो डीआरएम ने जमकर खबर ली। उन्हें तुरंत उपस्थिति होने का आदेश दिया और पहुंचने पर कार्यस्थल से गायब रहने पर जवाब मांगा। दरअसल इन दिनों जबलपुर से बालाघाट होते हुए गोंदिया तक की ब्रॉडगेज लाइन का काम पूरा कर लिया गया है। अब ट्रेन चलाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसे देखते हुए डीआरएम का यह निरीक्षण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। निरीक्षण में सीनियर डीसीएम विकास कश्यप, सीनियर डीईएन अक्षय कुमार आदि शामिल थे।
Posted By: Brajesh Shukla
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे