Petrol-Diesel Price in Jabalpur: जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। सरकारी तेल कंपनियों ने रविवार की सुबह पेट्रोल-डीजल के नए दाम जारी कर दिए। तेल की कीमतों में आज भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। पिछले एक महीने से तेल के दाम स्थिर बने हुए हैं। शहर में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 118 रुपये 13 पैसे प्रति लीटर और डीजल 101 रुपये 17 पैसे पर स्थिर हैं।
छह अप्रैल के बाद तेल कंपनियों ने रेट नहीं बढ़ाए हैं। इस तरह से पेट्रोल-डीजल के दाम में ठहराव के 39 दिन पूरे हो गए। उम्मीद की जा रही है कि राहत का यह दौर आगे भी जारी रहेगा।
साढ़े चार माह की स्थिरता के बाद 22 मार्च को पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े थे। 22 से छह अप्रैल के बीच जबलपुर में पेट्रोल 10 रुपये 92 पैसे और डीजल 10 रुपये 29 पैसे बढ़ चुका था। उसके बाद से दाम स्थिर ही हैं।
बढ़ती महंगाई ने सकते में डाला!
डीजल के दाम में लगातार इजाफे की वजह से अन्य उत्पादों की कीमत पर भी असर पड़ने लगा। राशन, अनाज और सब्जियां- सभी चीजों के दाम आसमान पर पहुंच गए। डीजल के आसमान छूते दामों की वजह से माल-भाड़ा बढ़ रहा है। डीजल के दाम 12 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ चुके हैं। इसका प्रतिकूल असर बाजार के दूसरे उत्पादों पर भी दिखाई दे रहा है। मध्यम वर्ग की आय में तो इजाफा नहीं हुआ है, जबकि उसका खर्च 30 प्रतिशत तक बढ़ चुका है। संभव है कि सरकार भी इन संकेतों को आर्थिक संकट की आहट के रूप में ले रही हो।
यात्री किराया और माल भाड़ा बढ़ा
बीते दो महीनों की बात की जाए तो इस दौरान यात्री किराया 30 से 50 प्रतिशत तक बढ़ चुका है। इसी तरह माल भाड़ा भी 20 फीसदी से अधिक बढ़ चुका है। जबकि डीजल के दाम 12 फीसद ही बढ़े हैं। प्रायवेट टैक्सियों का किराया भी 20 प्रतिशत तक बढ़ चुका है।
Posted By: Shivpratap Singh