जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कालेज की सुपर स्पेशलिटी अस्पताल से एक कैदी बाथरूम की खिड़की फादकर फरार हो गया। कैदी चोरी का आरोपित था। इस घटना की खबर लगते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया। पुलिस ने कैदी को पकड़ने के लिए नाकेबंदी कर दी है। जानकारी के अनुसार संजीवनी नगर पुलिस द्वारा उपचार के लिए शनिवार की सुबह कैदी बीपी रजक को अस्पताल लाया गया। अस्पताल में चिकित्सक नहीं आए तो कैदी ने पुलिस से बाथरूम जाने की बात कही। पुलिस कर्मी उसे बाथरूम लेकर गए। यहां बाथरूम की खिड़की फांदकर चोर फरार हो गया। काफी देर तक जब बाथरूम से कैदी बाहर नहीं निकला तो पुलिस को शक हुआ और अंदर देखा तो कैदी गायब मिला। पुलिस ने देखा कि बाथरूम की खिड़की का कांच टूटा हुआ था।
अंडा विक्रेताओं के बीच विवाद, मारपीट
जबलपुर। अंजुमन मार्केट के सामने अंडे की दुकान लगाने वालों में आपसी विवाद शुक्रवार की रात हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे से जहां मारपीट की, वहीं ठेले में रखे अंडे पलटा दिए। सूचना मिलते ही ओमती थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों के घायलों को विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया। जहां उनका उपचार कराया गया। मामले में दोनों पक्षों पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। ओमती पुलिस ने बताया कि जावेद खान अंडे का ठेला लगाता है। वहीं उसके ही पास नसीम खान और निहाल कश्यप का ठेला है। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे से जमकर मारपीट की। जिस कारण जावेद, नसीम और निहाल तीनों जख्मी हो गए।
Posted By: Jitendra Richhariya
- Font Size
- Close