जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। हनुमानताल बड़े जैन मंदिर में शनिवार की रात 8ः30 बजे के लगभग मुनि सुव्रतनाथ भगवान के सिर से जल धारा बहने लगी। जिसे देखने के लिए मंदिर में हजारों की संख्या में लोग पहुंच गए। रात एक बजे तक मंदिर में भक्तों का जमावड़ा लगा रहा। भीड़ देखते हुए पुलिस ने व्यवस्था संभाली।
जबलपुर जैन पंचायत के अध्यक्ष और मंदिर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष कैलाश जैन ने बताया कि रात 8ः30 बजे के लगभग उनके पास हनुमानताल थाने से फोन आया कि मंदिर में कोई कार्यक्रम चल रहा है। बहुत भीड़ है। इसके बाद जब मंदिर पहुंचे तो भक्तों की भीड़ लगी थी। लोगों का कहना था कि वेदी पर प्रतिष्ठापित मुनि सुव्रतनाथ भगवान के सिर और कान से जल की धारा बह रही है। कई लोग इसका वीडियो बनाते हुए इसे चमत्कार मान रहे हैं। धीरे-धीरे मंदिर में संख्या बढ़ती गई। रात एक बजे के करीब जल धारा बंद हो गई। इसके बाद लोग घर जाने लगे। इस दौरान मंदिर क्षेत्र की सड़कों में वाहनों की कतार लग गई।
पंचकल्याणक के बाद किया विराजमान
जिस प्रतिमा से जल धारा निकलने की बात कही जा रही है उसे मंदिर में गत 9 मई को विराजमान किया गया है। गोलबाजार में हुए पंचकल्याणक में मुनिपुंगव सुधासागर महाराज ने इस प्रतिमा को प्रतिष्ठापित कराया है।
गुरु अमरदास साहिब का प्रकाश पर्व आज
सेवा व सिमरन के पुंज सिक्खों के तीसरे गुरू अमरदास साहिब का पावन प्रकाश पर्व आज रविवार को श्रृद्धा भक्ति व उत्साह के साथ मनाया जाएगा। मुख्य आयोजन गुरुद्वारा ग्वारीघाट में आयोजित किया जाएगा। जसविंदर सिंघ कोहली ने बताया कि सुबह नौ बजे से 9.45 बजे तक कीर्तन स्त्री सत्संग सभा होगी। धर्मप्रेमियों से कार्यक्रम में उपस्थित होने की पुरजोर अपील की है।
Posted By: Nai Dunia News Network