जबलपुर। नईदुनिया प्रतिनिधि। जबलपुर में गुरुवार की सुबह सुहानी रही। आसमान में बादल छाए रहे और बूंदाबांदी से सुबह की शुरुआत हुई। शहर के कई हिस्सों में बूंदाबांदी हुई। वहीं सुबह बढ़ने के साथ-साथ आसमान में बादलों के बीच धूप छांव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से मार्च के महीने में एक फिर मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने एक प्रति चक्रवात के कारण हवा में नमी आने से जबलपुर सहित पूर्वी मध्यप्रदेश में सुबह से ही आसमान में बादल मंडराते रहे। धूप भी निकली पर बादलों के कारण असर कम रहा। वातावरण में उमस भरी गर्मी भी महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुरुवार शाम तक जबलपुर सहित संभाग के जिलों में गरज-चमक व बूंदाबांदी के साथ तेज हवा चल सकती है।

अगले दो दिनों तक रहेगी स्थितिः

जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ का असर अगले दो दिनों तक बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार और शुक्रवार को भी जबलपुर सहित संभाग के जिलों में बादल छाये रह सकते है। मौसम विभाग ने जबलपुर सहित छिंदवाड़ा, सहित अन्य संभाग के जिलों में बिजली गिरने, गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। बादलों वाला ऐसा खुशनुमा मौसम 18 मार्च तक बने रहने की संभावना जताई गई है.

इसलिए मौसम में आ रहा बदलाव:

क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के प्रभारी अधिकारी बीजू जान जैकब ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के आसपास ट्रफ के रूप में सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी में भी एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने से हवा में नमी आने से बादल बन रहे हैं। हवा का रुख भी उत्तरी पश्चिमी हो गया है। मंगलवार को चार से पांच किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलती रही।

Posted By: Jitendra Richhariya

Mp
Mp
  • Font Size
  • Close