जबलपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। शहर के महमूद आलम ने शहर की टावर घडि़यां बंद होने की महापौर से शिकायत की तो उसे जान से मारने की धमकी मिल गई। जिसके बाद मामले की शिकायत गोहलपुर थाने में की गई। पुलिस ने आराेपित टावर घड़ियां सुधारने का ठेका लेने वाले फैयाज व उसकी मां गुडिया के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस के मुताबिक लेमा गार्डन निवासी महमूद आलम टावर घड़ी स्पेशलस्टि है। वह लंबे समय से घंटाघर सहित अन्य टावर घड़ियां सुधारता आया है। शहर में लगी हुई नगर निगम की टावर घडि़यां बंद पड़ी थीं। इसकी शिकायत आलम ने नगर निगम कार्यालय में की। यह बात घड़ी सुधारक हनुमानताल निवासी फैयाज को पता चली, तो फैयाज अपनी मां गुडि़या के साथ आलम के घर पहुंच गया। फैयाज और उसकी मां ने आलम के घर के बाहर खड़े होकर अपशब्द कहे। फैयाज ने शिकायत करने पर आपत्ति की। जब आलम ने कहा कि उसने उसकी शिकायत नहीं की है, लेकिन फैयाज तब भी नहीं माना और आलम और उसके स्वजनों को अपशब्द कहता रहा। फैजान ने आलम को जान से खत्म करने की भी धमकी दी। आसपास के लोग वहां पहुंचे, तो फैयाज और उसकी मां वहां से भाग निकले।
सीएम हेल्प लाइन में भी की थी शिकायत :
महमूद आलम ने सीएम हेल्प लाइन में भी मामले की शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया था कि जिस व्यक्ति को घड़ी सुधारने का ठेका दिया गया है, वह उसका जानकार नही है। यही कारण है कि शहर की टावर घडि़यां बंद ही हैं। उन्होंने देयक पास होने और इस गड़बड़झाले में नगर निगम के कर्मचारियों की मिलीभगत की आशंका भी जाहिर की है। इस पर आलम को जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। लिहाजा, तीन फरवरी को उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में की थी।
Posted By: Jitendra Richhariya
- Font Size
- Close