जबलपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। नर्मदा दर्शन कर लौट रहे युवक की आइडियल हिल्स के पास गुरुवा को देर रात डिवाइडर से टकराने से मौत हो गई। उसके सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। उसके स्वजनों ने पुलिस पर हत्या को दुर्घटना निरूपित करने का आरोप लगाया। इसी के साथ आदर्श नगर के पास सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। वे मामले में जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। इस वजह से काफी देर तक चकाजाम की हालत बनी रही। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने जांच का भरोसा दिलाया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई।ग्वारीघाट पुलिस ने बताया कि यादव मोहल्ला रामपुर निवासी उत्तम लडिया का बेटा अर्जुन लडिया (18) गुरुवार देर रात अपने तीन साथियों के साथ ग्वारीघाट दर्शन करने गया था। अर्जुन अपनी बाइक में था, वहीं एक दोस्त अकेला दूसरी और तीसरी बाइक में दो दोस्त सवार थे। रात लगभग साढ़े तीन बजे तीनों लौट रहे थे। अर्जुन सबसे आगे था। आइडियल हिल्स के पास उसकी बाइक अनियंत्रित हुई और वह डिवाइडर से जा टकराया। उसे सिर में गंभीर चोटें आई। तीनों दोस्तों ने उसे उठाया और सीधे निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसे मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया। इधर घटना की जानकारी लगते ही उत्तम के स्वजन मेडिकल अस्पताल पहुंचे, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार तड़के उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पीएम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया।
हत्या का लगाया आरोप, प्रदर्शन :
स्वजन शव लेकर घर पहुंचे। अर्जुन की अंतिम यात्रा निकली, तो परिजनों और अंतिम यात्रा में शामिल लोगों ने अर्थी को आदर्श नगर मुख्य मार्ग पर रख दिया। जमकर नारेबाजी व प्रदर्शन करने लगे। मामले में स्वजनों ने हत्या का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मध्य भारत मोर्चा के अध्यक्ष सौरभ यादव व आशीष मिश्रा ने पुलिस से बातचीत की। इधर बीच सड़क पर प्रदर्शन के कारण ग्वारीघाट जाने और वहां से आने वाले मार्ग पर लम्बा जाम लग गया। सैकड़ो लोग जाम में फंस गए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियाें को समझाया और जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद लगभग एक घंटे बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
डिवाइडर से टकराया सिर :
मामले में ग्वारीघाट थाना प्रभारी भूमेश्वरी चौहान ने बताया कि पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। जिससे यह स्पष्ट हुआ कि अर्जुन का सिर डिवाइडर से टकराया है। डिवाइडर में खून और बाल लगे मिले है। प्रथमदृष्ट्या मामला सड़क हादसे का लग रहा है। उसके साथ देर रात ग्वरीघाट से लौट रहे युवकों से भी पूछताछ की जा रही है। सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Posted By: Jitendra Richhariya