Road Safety Campaign :आंबुआ। नईदुनिया सड़क सुरक्षा अभियान के तहत यातायात की पाठशाला का सिलसिला जारी है। अभियान के तहत जिले की आंबुआ पुलिस ने गुरुवार को थाना परिसर में सवारी वाहन चालकों को कायदों की सीख दी। कहा कि सवारी वाहन चलाने वाले चालकों की जिम्मेदारी अधिक महत्वपूर्ण होती है। नियमों का पालन करेंगे तो आपका व साथ चलने वालों का सफर सुरक्षित होगा। इस पर चालकों ने कहा कि वाहन चलाते समय सदा नियमों का पालन करेंगे तथा सफर को सुरक्षित बनाएंगे।
थाना परिसर में आंबुआ पुलिस के उप निरीक्षक शिवपाल सिंह व सहायक उप निरीक्षक आरबी पांडेय ने चालकों से कहा कि नशा करके कभी-भी वाहन नहीं चलाना चाहिए। ऐसा करने पर हादसे की सर्वाधिक आशंका रहती है। कानूनन यह गंभीर अपराध भी है। उन्होंने कहा कि अपने वाहन को सदा नियंत्रित गति से चलाएं तथा कभी-भी ओवरलोडिंग न करें। चालकों को वाहन की फिटनेस का भी ख्याल रखना चाहिए। अगर वाहन अनफिट है तो पहले उसमें सभी आवश्यक सुधार कार्य कराने जाने चाहिए। इसके बाद ही उसे रूट पर चलाया जाना चाहिए।
हर दिन कई लोगों को गंतव्य पर पहुंचाना होता है, दायित्व बड़ा
एसआइ सिंह ने कहा कि सवारी वाहन चलाने वाले ड्राइवरों का दायित्व अधिक बड़ा होता है। उन्हें हर दिन कई सवारियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाना होता है। ऐसे में जिम्मेदारी और भी अधिक बढ़ जाती है। इसलिए सभी से अपेक्षा है कि वे सभी नियमों का कड़ाई से पालन करें। अधिक गति, नशा करके वाहन चलाने व गाड़ी के अनफिट होने पर सर्वाधिक हादसे सामने आते हैं। इसलिए इन सभी बातों का चालकों को सदैव ध्यान रखना चाहिए। पुलिस का मकसद सभी चालकों को जागरूक कर हादसों में कमी लाना है। सभी को इसमें सहयोग करना चाहिए। सभी के सहयोग से ही हम सड़कों पर सफर को सुरक्षित बना सकेंगे।
000000000000000000000
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close