कटनी, नईदुनिया प्रतिनिधि। पश्चिमी विक्षोभ का असर जिले में एक बार फिर देखने को मिल रहा है। मौसम में रात से अचानक परिवर्तन के साथ ठंडी हवाएं चल रही हैं और बादलों ने डेरा डाल रखा है। सुबह से बादलों के कारण धूप नही निकली है। मौसम विभाग के अनुसार अभी दो दिनों तक मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक डॉ संदीप चंद्रवंशी ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में परिवर्तन आया है। उन्होंने बताया कि इस दौरान जिले में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। दूसरी और फसलों के नुकसान को लेकर उनका कहना है कि जो फसलें पक कर तैयार हो गई हैं, उनको नुकसान हो सकता है और किसानों को सलाह है कि वे तैयार फसलों को कटाई कर सुरक्षित कर लें।

अभी भी गुलाबी ठंड का हो रहा अहसासः

सुबह लोग जब नींद से उठे तो बाहर निकलते ही बादलों के दर्शन हुए हैं। मौसम गुलाबी ठंड का अहसास करा रहा था। वहीं जिले के कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई है। आसमान में बादलों के बीच धूप छांव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के आसपास ट्रफ के रूप में सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी में भी एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने से हवा में नमी आने से बादल बन रहे हैं। हवा का रुख भी उत्तरी पश्चिमी हो गया है। जिससे कि महाकोशल क्षेत्र सहित मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में आसमान में बादल बने हुए हैं। यह स्थिति अगले दो दिन और रह सकती है।

विगत वर्षों आ चुकी थी गर्मीः

इन दिनों मार्च माह भी आधा गुजर गया है लेकिन आसमान में बादल और पश्चिमी विक्षोत्र के कारण अब तक लोगों को गर्मी का अधिक अहसास नहीं हुआ है। जबकि बीते वर्ष की बात करें तो इन दिनों तक तापमान 35 डिग्री से अधिक चला गया था। जबकि वर्तमान में तापमान 35 डिग्री से नीचे बना हुआ है। लोगों को अभी भी ठंड का अहसास हो रहा है। वहीं लोगों को यह गुलाबी ठंड का मौसम भी अधिक भा रहा है।

Posted By: Jitendra Richhariya

Mp
Mp
  • Font Size
  • Close