कटनी, नईदुनिया प्रतिनिधि। दुर्लभ वन्य जीव पेंगोलिन के अवशेषों के साथ पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी युवक फरार हो गया। जानकारी के अनुसार वन विकास निगम और पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए पेंगोलिन के अवशेषों के साथ दो युवकों को पकड़ा है। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर दोनों विभाग के अधिकारी और कर्मचारी कटनी बड़वारा मार्ग में मुख्य जगहों पर तैनात हुए। इसी दौरान मझगवां गांव के पास एक बाइक में दो युवकों को पुलिस ने पकड़ा। जैसे ही पुलिस ने बाइक को रोका। बाइक चला रहा युवक कूद कर भाग गया। इसी दौरान पुलिस ने बाइक में बैठे युवक को पकड़ लिया। आरोपित युवक की पहचान विकास महतो के रूप में की गई है। आरोपित युवक के विरुद्ध वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला कायम किया गया है। कार्रवाई में एनकेजे थाना प्रभारी नीरज दुबे, वन विकास निगम से उड़नदस्ता प्रभारी तिमरेश इवन सहित अन्य की उपस्थिति रही।

पेंगोलिन की खाल की विदेशों में है मांग : पेंगोलिन की खाल की विदेशों में काफी मांग है। इसकी परतदार खाल का इस्तेमाल यौन शक्तिवर्धक दवाइयों, ड्रग्स, बुलटप्रूफ जैकेट, कपड़े और सजावट के सामान के लिए किया जाता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेंगोलिन की कीमत 50 लाख रुपये तक होती है। जिले में उमरियापान, ढीमरखेड़ा सहित अन्य क्षेत्रों में यह दुर्लभ वन्य जीव मिलता है।

अंधविश्वास ले रहा जान : दुर्लभ वन्य प्राणी पेंगोलिन का शिकार कर रहे हैं। अंधविश्वास में इस वन्य जीव का लगातार शिकार किया जा रहा है। इसी अंधविश्वास में कुछ तस्करों ने इसका शिकार करने के बाद अब ग्राहक तलाश रहे हैं। वन्य प्राणी पेंगोलिन दुर्लभ श्रेणी का जीव है। स्तनधारी यह जीव बहुत तेजी से विलुप्त हो रहा है। शर्मीले प्रवृत्ति के पेंगोलिन का भोजन चींटी है। इसके शरीर पर सुनहरी-भूरी स्केल्स होते हैं। अंधविश्वास के चलते होने वाले शिकार के चलते यह तेजी से विलुप्त हो रहे हैं।

Posted By:

Mp
Mp
 
google News
google News