मोरटक्का ब्रिज पर हाईवा ड्राइवर को आई झपकी, टक्कर से कार नर्मदा नदी में गिरी; मछुआरों ने बचाई जान
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में नर्मदा नदी पर बने मोरटक्कर ब्रिज पर हाईवा की टक्कर से कार नीचे जा गिरी। हादसे के बाद तुरंत मछुआरों और नाविकों की मदद से ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 15 Dec 2025 10:09:43 AM (IST)Updated Date: Mon, 15 Dec 2025 10:20:06 AM (IST)
टक्कर मारने वाला हाईवा और क्रेन की मदद से नर्मदा नदी से बाहर निकाली गई कार।HighLights
- खंडवा जिले में इंदौर-ऐदलाबाद नेशनल हाईवे पर मोरटक्का ब्रिज पर हुआ हादसा
- बेकाबू हाईवा भी पुल की रेलिंग तोड़कर आधा लटकने से आवाजाही ठप हो गई
- नर्मदा पुल से भारी वाहनों की आवाजाही संभाग आयुक्त द्वारा प्रतिबंधित की गई है
नईदुनिया प्रतिनिधि खंडवा। इंदौर-ऐदलाबाद नेशनल हाईवे पर मोरटक्का में नर्मदा पुल पर रविवार देर रात हाईवा की टक्कर से कार नर्मदा नदी में गिर गई, वहीं एक अन्य कार हाईवे से टकराने पर उसमें सवार तीन लोग घायल हो गए। बेकाबू हाईवा भी पुल की रेलिंग तोड़कर आधा लटकने से आवाजाही ठप हो गई। मोरटक्का चौकी पुलिस द्वारा बड़वाह पुलिस और नाविकों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चला कर कार को नर्मदा से निकलकर तथा वाहनों को सड़क से हटाकर आवाजाही शुरू करवाई गई। घायलों का अस्पताल पहुंचाया गया।
नर्मदा पुल पर रविवार रात करीब एक बजे राखड़ भरकर जा रहे हाइवा बेकाबू होने से इंदौर से खंडवा की ओर आ रहे 25 वर्षीय संजय पुत्र फूलचंद दंगोड़े निवासी मोहन अटूट की कार को हाइवा चालक ने टक्कर मार दी। कार उछलकर रेलिंग तोड़ते हुए 50 फीट नीचे नर्मदा नदी में जा गिरी।
वहां मौजूद मछुआरों ने कार ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला। वही पीछे से आ रहे छनेरा के फिलगुड चौराहा निवासी 25 वर्षीय सचिन पुत्र शिवनारायण मीणा की कार हाईवा से टकरा गई। हाईवा चालक को झपकी आने की वजह से यह हादसा होने की आशंका है।
उल्लेखनीय है कि नर्मदा पुल से भारी वाहनों की आवाजाही संभाग आयुक्त द्वारा प्रतिबंधित की गई है, लेकिन हाईवे निर्माण के लिए राखड़ सहित अन्य सामग्री का परिवहन करने वाले कंपनी के भारी वाहनों को आवाजाही की छूट दी गई है। जिसकी वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। मोरटक्का चौकी प्रभारी लखन डावर ने बताया कि हाईवा के चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया हैं। दुर्घटना में तीन लोग घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। हाईवे से वाहनों की आवाजाही शुरू हो चुकी है।