बदनावर (नईदुनिय न्यूज)। भाजपा में बूथ का कार्यकर्ता ही पार्टी की प्रमुख कड़ी होता है। बूथ मजबूत होगा, तो ही पार्टी मजबूत होगी। हमें प्रत्येक बूथ पर 51 फीसद वोट प्राप्त करने का लक्ष्य बनाकर काम करना है। इसके लिए पार्टी द्वारा संपूर्ण प्रदेश में बूथ विस्तारक योजना चलाई जा रही है।
उक्त बातें पूर्व कैबिनेट मंत्री रायसिंह सेंधव ने यहां चंद्रलीला पेलेस में आयोजित भाजपा की विधानसभा स्तरीय बूथ विस्तार अभियान के तहत बुधवार को आयोजित कार्यशाला में कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने आगे कहा कि बूथ विस्तारक योजना 20 से 30 जनवरी तक चलेगी। इसमें पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी व कार्यकर्ता बूथ के विस्तारक होंगे। विस्तारक बने कार्यकर्ता अपने बूथ पर प्रतिदिन समय देकर आगामी चुनाव में वोट का प्रतिशत बढ़ाने के लिए संगठन को गुणात्मक और संख्यात्मक रूप से मजबूत करेंगे। वोट में वृद्धि के लक्ष्य को लेकर कार्य करेंगे। उन्हें प्रतिदिन 10 घंटे यानी इन 10 दिनों में कुल 100 घंटे काम करना होगा। योजना के मुताबिक आई संचालक बूथवार जानकारी एकत्रित कर एप पर अपलोड करते हुए डिजिटलाइजेशन किया जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव यादव ने कार्यकर्ताओं को बूथ विस्तारक योजना के अंतर्गत उत्साहपूर्वक लक्ष्यपूर्ति के लिए जुटने का आह्वान किया। नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल व पूर्व विधायक खेमराज पाटीदार ने भी संबोधित किया।
कार्यशाला में भाजपा जिला महामंत्रीद्वय सन्नाी रिन व प्रकाश धाकड़, जिला उपाध्यक्ष अशोक सोनी, जितेंद्र जाट व विश्वास पांडे, जिला मंत्री विक्रम पटेल, मंडल विस्तारक कन्हैयालाल पटेल, मोहन पटेल, शरद विजयवर्गीय आदि मंचासीन अतिथि थे। कार्यक्रम में बखतगढ़ मंडल अध्यक्ष उमेश पाटीदार व बिडवाल मंडल अध्यक्ष पवन डोड, जनपद अध्यक्ष संजय मुकाती, दिनेश गिरवाल, शकील खान, विजयसिंह पंवार आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा ने स्वागत उद्बोधन दिया। कार्यक्रम में एप प्रभारी पंकज जायसवाल ने एप व डाटा तैयार करने के बारे में जानकारी दी। कार्यशाला में विधानसभा क्षेत्र के समस्त छह मंडलों के कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद थे। संचालन नगर मंडल अध्यक्ष अक्षय शर्मा ने किया। मुलथान मंडल अध्यक्ष नारायणसिंह देवड़ा ने आभार माना।
Posted By: Nai Dunia News Network