Khandwa News: खंडवा। नवचंडी देवीधाम मेले में बुधवार को स्टार नाइट के आयोजन में फ़िल्म अभिनेता आफताब शिवदसानी ने मंच से किसी तरह की प्रस्तुति नहीं दी। जब मंच से डांस के लिए गीत बजाया गया तो उन्होंने कहा कि मेरी तबीयत ठीक नहीं है, डांस नहीं कर पाऊंगा। हालांकि उन्होंने करीब आधे घंटे तक मंच पर रहकर जनता से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने किशोर कुमार को याद किया और कहा कि हम पूरी मुंबई फ़िल्म इंडस्ट्रीज किशोरदा का बहुत सम्मान करती है, वे ऐसे महान कलाकार थे जिन्हें अंतिम समय तक अपनी जन्मभूमि से लगाव रहा। आफताब ने मंच से आने फिल्मी सफर की शुरुआत का किस्सा भी सुनाया। इस बीच उनकी एक झलक पाने के लिए लोगों में उत्सुकता रही।

गणेश वंदना के साथ हुई स्टार नाइट की शुरुआत

मां नवचंडी देवीधाम मेले में बुधवार को रात 10:30 बजे फ़िल्म स्टार नाइट की शुरुआत गणेश वंदना के साथ हुई। मुंबई से आई आर्केस्टा और अन्य कलाकारों की टीम ने गीतों की प्रस्तुति दी। इससे पूर्व लिटिल मास्टर केके गोस्वामी, लाफ्टर चैंपियन संजय वर्मा ने श्रोताओं को अपनी प्रस्तुति से खूब गुदगुदाया। आयोजन रात करीब नौ बजे शुरू होना था लेकिन अचानक मौसम बदलने के साथ हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। रात करीब 10:30 बजे बूंदाबांदी थमते ही कार्यक्रम शुरू किया गया। नवचंडी देवी धाम के महंत बाबा गंगाराम ने आफ़ताब को मंच पर आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम का संचालन आशीष दवे और प्रफुल्ल मंडलोई ने किया। रात करीब 12:30 बजे तक स्टार नाइट का आयोजन चला।

Posted By: Prashant Pandey

Mp
Mp
  • Font Size
  • Close