खंडवा/बीड़ (नईदुनिया न्यूज)। Khandwa News पर्यटन स्थल हनुवंतिया के बैकवाटर में शुक्रवार दोपहर डूबने से कर्मचारी की मौत हो गई। हादसा नहाने के दौरान होने की बात कही जा रही है।
राजस्थान के भरतपुर जिले का निवासी था मृतक
इस संबंध में अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक का नाम 26 वर्षीय शैलेंद्र पिता मलाखन जाट निवासी गांव अंधेरी, जिला भरतपुर (राजस्थान) है। मूंदी थाना प्रभारी अंतिम पंवार ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि शैलेंद्र सनसेट इवेंट कंपनी द्वारा हनुवंतिया में लगाई गई टेंट सिटी में खाने बनाने का काम करता था।
नहाते समय फिसला पैर और गहरे पानी में डूब गया
जानकारी के अनुसार वह बोट क्लब के पास बैकवाटर में नहाने गया था। इस दौरान यहां नहाते समय पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
पर्यटन निगम के कर्मचारियों को हादसे के 20 मिनट बाद मिली जानकारी
बताया जाता है कि करीब 20 मिनट बाद पर्यटन निगम के कर्मचारियों को शैलेंद्र के डूबने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने घटनास्थल पहुंचकर शैलेंद्र को बाहर निकाला। हादसे से स्थल पर शोक का वातावरण हो गया।
मूंदी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी
इस हादसे की सूचना मिलने पर मूंदी थाने से पुलिस भी पहुंच गई थी। हनुवंतिया से उसे मूंदी अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया। टीआई पंवार ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि युवक के परिजन को घटना की जानकारी दे दी गई है। उन्होंने बताया कि इस मामले में मर्ग कायम कर आगे जांच कर रहे हैं।
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे