Khandwa Weather Report: खंडवा (नईदुनिया प्रतिनिधि)। पिछले कुछ दिनों से दिनभर उमस के बाद शाम होते ही बादल बरस रहे हैं। शुक्रवार को बिजली की तेज गड़गड़ाहट के साथ तेज वर्षा हुई। गर्मी से बेहाल लोगों को वर्षा से कुछ हद तक राहत मिली। खंडवा तहसील में एक घंटे में करीब डेढ़ इंच से अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
कभी हल्की तो कभी तेज वर्षा के बावजूद शहरवासियों को गर्मी से पूरी तरह राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया। शाम को हुई तेज वर्षा के बाद कुछ समय तक तो मौसम ठंडा रहा लेकिन इसके बाद बढ़ी उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। इधर तेज वर्षा के कारण सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बनी। पुराने बस स्टैंड पर अग्रसेन प्रतिमा स्थल के आसपास पानी जमा हो गया। इसी तरह जलेबी चौक, शिवाजी चौक क्षेत्र में भी जल जमाव की स्थिति बनी। इधर तीन पुलिया नाले में भी पानी का बहाव अधिक होने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। महज एक घंटे की वर्षा में सड़कों पर जलजमाव की स्थिति से अंदाजा लगाया जा सकता है कि अधिक समय तक वर्षा से क्या स्थिति बनेगी।
पहले ही जारी कर दी थी चेतावनीः वर्षा के साथ बिजली कड़कने को लेकर कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से पहले ही चेतावनी जारी कर दी गई थी। कृषि वैज्ञानिक सौरभ गुप्ता द्वारा जारी की गई चेतावनी में दर्शाया गया था कि अगले तीन से चार घंटे में जिले में हल्की से मध्यम वर्षा होने के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने या गिरने की संभावना है।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close