Omkareshwar Nagar Parishad: ओंकारेश्वर, खंडवा नईदुनिया प्रतिनिधि। ओंकारेश्वर नगर परिषद पर भाजपा ने अपना कब्जा बरकरार रखा है। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों ही पदों पर भाजपा अपने पार्षद काबिज करने में सफल रही है। नगर सरकार में अध्यक्ष मनीषा परिहार और उपाध्यक्ष अखिलेश दीक्षित निर्वाचित हुए हैं। अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी खड़ा किया था लेकिन भाजपा में सेंध नहीं लगा पाने से कांग्रेस को दोनों ही पदों पर हार का सामना करना पड़ा।
तीर्थनगरी में नगर परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को लेकर एक पखवाडे से जारी कयासों पर गुरुवार को परिषद के प्रथम सम्मेलन के साथ ही विराम लग गया है। यहां 15 वार्ड के लिए हुए चुनाव में भाजपा को बहुमत मिलने से अध्यक्ष भाजपा का बनना तय माना जा रहा था। चुनाव में भाजपा के नौ और कांग्रेस के छह पार्षद विजयी हुए थे। कांग्रेस को पिछले चुनाव से तीन सीट अधिक मिलने तथा भाजपा के कई दिग्गज प्रत्याशी चुनाव हारने से कांग्रेस खेमे में अल्पमत के बाद भी उत्साह था। इसके चलते अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर कब्जे के लिए कांग्रेस भी दांव पेंच और जुगाड़ में लगी हुई थी।
कांग्रेस के हथकंडों को देखते हुए भाजपा नेता कोई भी रिस्क लेना नहीं चाहते थे। इसके चलते भाजपा ने अपने सभी पार्षदों को राजनीतिक पर्यटन पर गुजरात भेज दिया था। वहीं अध्यक्ष पद को लेकर पार्टी में बगावत के खतरे को देखते हुए पार्टी की ओर से अंतिम समय तक भी किसी प्रत्याशी के नाम की अधिकृत घोषणा नहीं की गई। प्रथम सम्मेलन में ही नाम तय कर पार्टी की ओर से अधिकृत प्रत्याशी को मतदान के निर्देश जारी किए गए थे। भारतीय जनता पार्टी का अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद परिषद कार्यालय के बाहर ढोल-ढ़माके बजना शुरू हो गए। वहीं भाजपा द्वारा नगर परिषद से जुलूस निकालकर नगर में भ्रमण किया गया।
चुंनाव में नहीं हुई क्रास वोटिंग
अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा पार्षद मनीषा परिहार को नौ वोट और कांग्रेस की छंदई बाई को छह वोट मिले है। भाजपा प्रत्याशी परिहार तीन मतों से अध्यक्ष निर्वाचित हुई है। वहीं उपाध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी के अखिलेश दीक्षित निर्वाचित घोषित किए गए है। परिणामों से स्पष्ट है दोनों ही दलों में बगावत या क्रास वोटिंग नहीं हुई है। परिषद में भाजपा के नौ पार्षद तथा कांग्रेस के छह पार्षद है। इसी के अनुरूप भाजपा और कांग्रेस के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशियों को मत मिले है।
इस संबंध में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सेवादास पटेल ने कहा कि पार्टी का निर्णय सर्वमान्य है। पार्षदों ने पार्टी के अधिकृत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष प्रत्याशी को मतदान कर विजयी बनाने का संकल्प लिया था। भाजपा ने परिषद के साथ ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पद जीते हैं।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close