खंडवा (नईदुनिया प्रतिनिधि)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का 15 दिवसीय विशेष वर्ग शनिवार से शुरू हुआ। मालवा प्रांत के 28 जिलों के 142 शिक्षार्थी इस वर्ग में शामिल हो रहे हैं। यहां शिक्षार्थी विभिन्ना चर्चा, बौद्धिक, शारीरिक, अभ्यास सत्रों के माध्यम से प्रशिक्षण लेंगे।
हरसूद रोड पर ग्राम जूनापानी के नवीन आदर्श महाविद्यालय में शनिवार को वर्गाधिकारी सेवानिवृत्त प्रोफेसर व कवि डा. शंभूसिंह मनहर और प्रांत कार्यवाह शंभूप्रसाद गिरी ने दीप प्रज्वलित कर वर्ग का शुभारंभ किया। डा. मनहर ने कहा-मालवा प्रांत में आरएसएस स्वयंसेवक तीन हजार से ज्यादा शाखाओं के माध्यम से राष्ट्रभक्ति के कार्य में लगे हुए हैं। वे संघ के विचार अपने कार्यों के माध्यम से समाज मे पहुंचाने का कार्य निरंतर कर रहे हैं। 'नर सेवा नारायण सेवा' भाव को आरएसएस समाज में कार्य करता है। प्रांत कार्यवाह शंभूप्रसाद गिरी ने कहा-इस वर्ष 20 दिवसीय 310 संख्या का प्रथम वर्ष विद्यार्थी वर्ग बड़वाह में और 251 संख्या का व्यावसायी प्रथम वर्ष वर्ग मंदसौर में चल रहा है। इसमें 40 वर्ष से कम आयु के स्वयंसेवक की भाग ले रहे हैं। खंडवा में चलने वाला प्रथम विशेष वर्ग है। इसमें 40 वर्ष से अधिक आयु के स्वयंसेवक सम्मिलित हैं। यह वर्ग 15 दिन का होगा। वर्ग की दिनचर्या के बारे में उन्होंने बताया कि सुबह साढ़े चार बजे से जागरण होकर रात दस बजे दीप विसर्जन तक बौद्धिक, शारीरिक,अभ्यास सत्रों के माध्यम से शिक्षार्थी अपना प्रशिक्षण पूर्ण करेंगे। इसमें सुबह- शाम दो संघ स्थान होंगे जिनमें खेल, योग, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार आदि होंगे। उन्होंने कहा कि नगर व ग्रामों में कार्यकर्ता प्रशिक्षित होकर देश और धर्म के कार्य में लगते हैं। परिणामस्वरूप संघ का कार्य हमें समाज में दिखाई भी देने लगा है। व्यवस्था में खंडवा विभाग के 80 से 90 कार्यकर्ता व्यवस्था में लगे हुए हैं। भोजन व्यवस्था हेतु रोटी संग्रह का कार्य सुबह के भोजन के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से व रात में नगरीय बस्तियों से प्रति परिवार 10 रोटी के माध्यम से किया जा रहा है। वर्ग में प्रांत पर्यावरण प्रमुख गोपाल देराड़ी, विभाग कार्यवाह परमानंद पाटिल और वर्ग कार्यवाह महेन्द्र धनगर पूर्ण समय रहेंगे।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close