खिरकिया (नईदुनिया न्यूज)। शादी से फोटोग्राफी कार्य कर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार जयदीप पुत्र हरिओम राजपूत (बछानिया) निवासी गोपालपुरा शनिवार तड़के अपने दो साथियों के साथ उज्जैन से शादी में फोटोग्राफी कार्य कर कार से लौट रहे थे। इसी बीच उज्जैन-इंदौर रोड पर ट्रक से कार की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना से मृतक के परिजन शोक में डूब गए।
बताया जा रहा है कि कार जयदीप चला रहा था। सामने जा रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे कार अनियंत्रित होकर ट्रक में घुस गई। इससे अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में जयदीप गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं दो अन्य कार सवार विदिशा और हरदा निवासी बताए जा रहे हैं। इन्हें भी चोट आई है।
गांव में छाया मातम, दो माह पहले हुआ था विवाह
घटना की सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हैं, वहीं गांव में मातम छाया हुआ है। जयदीप की प्रारंभिक शिक्षा खिरकिया से ही हुई थी। वह लंबे समय से इंदौर में रहकर फोटोग्राफी का कार्य किया। हंसमुख व मिलनसार होने के चलते जयदीप के काफी दोस्त हैं। इस घटना से सभी स्तब्ध हैं। सभी ने गहरा दुःख व्यक्त किया। इंटरनेट मीडिया पर सभी अपने दोस्त को भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं। दोस्तों ने जयदीप के साथ बिताए गए पलों को याद किया। जयदीप का दो माह पहले ही विवाह हुआ था। शनिवार शाम को जयदीप का अंतिम संस्कार गृहग्राम गोपालपुरा मुक्तिधाम में किया गया।
Posted By: Nai Dunia News Network
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे