खंडवा (नईदुनिया प्रतिनिधि)। दोस्तों के साथ शराब पीकर लौट रहे युवक की हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। उसे तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। इससे मौके पर ही उसका दम निकल गया। नगर निगम चुनाव के चलते शहर में शराब दुकान बंद है। इस वजह से युवक अपने साथियों के साथ छैगांवमाखन स्थित शराब दुकान आया था। युवक के साथियों ने ट्रक का पीछा किया लेकिन ड्रायवर ट्रक लेकर फरार हो गया। युवक की पहचान रेलवे स्टेशन पर काम करने वाले टिकटिक के रूप में हुई है।
मंगलवार को टिकटिक अपने दोस्त राम आसरे निवासी माता चौक और छह अन्य दोस्तों के साथ छैगांवमाखन आया हुआ था। किसी बाइक पर दो तो किसी पर तीन युवक बैठे हुए थे। यहां शराब दुकान पर सभी ने शराब पी। दोपहर में करीब दो बजे वे सभी बाइक से खंडवा लौट रहे थे। छैगांवमाखन से कुछ ही दूर पेट्रोल पंप के पास टिकटिक पेशाब करने बाइक से उतरा। वह पेशाब करके वापस लौट रहा था। तब तेज गति से आ रहे ट्राले ने टिकटिक को जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिर गया। यह देख ड्रायवर ने ट्रक को रोकने की बजाए युवक के पर चढ़ा दिया। युवक को रौंदते हुए ट्रक आगे बढ़ गया। इससे युवक के शरीर के चिथड़े उड़ गए। घटना की जानकारी लगने पर छैगांवमाखन थाने से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने सड़क पर बिखरे शरीर के टुकड़ों को समेटा। पुलिसकर्मियों ने पेड़ों के पत्ते तोड़े और उससे शव को ढंका। इसके बाद एक आयसर वाहन में शव को रखकर छैगांवमाखन माखन अस्पताल पहुंचाया। छैगांवमाखन थाना प्रभारी राधेश्याम मालविया ने बताया कि युवक के साथी शराब के नशे में होने से पूरी जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। दोस्त राम ने मृतक का नाम टिकटिक बताया है। उसका कहना है कि वह उसे टिकटिक नाम से बुलाते थे। असल नाम पता करने का प्रयास किया जा रहा है।
Posted By:
- Font Size
- Close