भीकनगांव (नईदुनिया न्यूज)। नगर से लगभग छह किमी दूर ग्राम मोहनखेड़ी में एक प्रेमी ने प्रेमिका को जान से मारकर अपने ही घर के पीछे साढ़े तीन फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया। बुधवार शाम 4 बजे जांच करने पहुंची टीम ने शंका के आधार पर आरोपित के घर के पीछे के कमरे में खुदाई कराई, तो महिला का शव मिला। आरोपित परिवार सहित फरार है।
शाम लगभग 4 बजे भीकनगांव पुलिस महिला के स्वजन के साथ मोहनखेड़ी पहुंची। यहां पर पुलिस ने स्वजन की बताई जगह पर खोदना शुरू किया। एक फुट खोदने पर महिला की नथनी मिली। ढाई फीट खोदने के बाद महिला की चप्पल और कंगन मिले। करीब तीन फीट छह इंच के बाद महिला का शव सीने के बल मिला। मृतका छाया पिता भायराम निवासी भीकनगांव की ग्राम एकतासा निवासी गणेश के साथ में कुछ वर्ष पहले शादी हुई थी। इसके बाद कुछ समय से छाया पिता के घर भीकनगांव रहने लगी थी।
महिला के दो लड़के हैं। वहीं प्रेमी संतोष पिता किशोर निवासी मोहनखेड़ी भी शादी शुदा है। उसकी पत्नी उसे तीन वर्ष पहले छोड़कर चली गई थी। पिता ने बताया कि छाया 30 दिसंबर को सुबह 11 बजे बिना बताए घर से चली गई थी। उसकी तलाश करते हुए स्वजन मोहनखेड़ी स्थित संतोष के घर पहुंचे थे।
3 जनवरी को गुमशुदगी दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस मौके पर गई, लेकिन आरोपित के घर कोई नहीं मिला। जांच के लिए एसडीओपी प्रवीण कुमार उईके, थाना प्रभारी जगदीश गोयल, नायब तहसीलदार ममता मिमरोट, एफएसएल टीम के सुनील मकवाने उपस्थित थे। पोस्टमार्टम गुरुवार सुबह किया जाएगा।
इनका कहना है
ग्राम मोहनखेड़ी में संतोष के घर के पीछे वाले हिस्से में गड्ढे में महिला का शव मिला है। पोस्टमार्टम गुरुवार को किया जाएगा। जांच की जा रही हैं। आरोपित की तलाश के लिए टीम जुटी है।
- प्रवीण कुमार उईके, एसडीओपी, भीकनगांव
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
- #lover murdered his girlfriend
- #bhikangaon news
- #Khargone district
- #crime news
- #madhya pradesh news
- #buried the body in a pit