Khargone news: खरगोन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जनजातीय बहुल विकासखंडों में जल, जंगल, जमीन व खनिज संबंधी अधिकार पर ग्रामसभा को मजबूती प्रदान करने के लिए पेसा (पंचायत एक्सटेंशन टू शूड्यूल्ड एरिया) एक्ट लागू किया है। यह एक्ट प्रदेश के 20 जिलों के 89 जनजातीय विकासखंडों लागू हो गया है। इससे अब गांव का विकास भोपाल से नहीं गांव की चौपाल से भी हो सकेगा। यह बात प्रदेश के वन मंत्री डा. विजय शाह ने सुदूर दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र सिरवेल में पेसा एक्ट अंतर्गत ग्राम सभा को प्राप्त अधिकारों के संबंध में कही।
वन मंत्री ने की कई घोषणाएं
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार ने बताया कि कांति सूर्य टंट्या मामा गौरव यात्रा के सिरवेल आगमन पर हुई ग्रामसभा को शाह सहित केबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त मप्र पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेंद्र बरुआ व भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह राठौर ने संबोधित किया। प्रारंभ में ग्रामीणों ने यात्रा का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। बाजार चौक में हुई ग्रामसभा में मंचासीन अतिथियों ने टंटया मामा के चित्र का पूजन व माल्यार्पण किया। इस अवसर पर वन मंत्री शाह ने कहा कि ग्राम सभाएं अगर तय कर लें कि उनके क्षेत्र की वनोपज/तेंदूपत्ता का संग्रहण और विक्रय उनकी समिति करेगी तो वन विभाग को इस संबंध में एक आवेदन 15 दिसंबर तक कर सकती है। वन मंत्री डा. शाह ने एक्ट के व्यावहारिक पहलू के बारे में कहा कि सिरवेल में आयोजित होने वाले मेले में अगर ग्रामसभा तय करले की शराब नहीं बेची जाएगी तो ऐसा ही होगा। इसी प्रकार ग्रामसभा खनिज, शराब दुकान, आपसी छोटे विवादों आदि के संबंध में भी उचित निर्णय ले सकेगी। शाह ने कहा कि आजादी के बाद देश का इतिहास ठीक से नहीं लिखा गया। जनजातीय समाज ने देश की आजादी के लिए बलिदान दिया लेकिन उसे पूर्ववर्ती सरकार ने इतिहास के पन्नाों में दर्ज नहीं किया। जननायक बिरसा मुंडा, टंटया मामा जैसे अनेक महापुरुषों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। हमारी सरकार उन्हें स्मरण कर गौरवशाली इतिहास से आने वाली पीढ़ियों को अवगत कराने का कार्य कर रही है।
अपने इतिहास से लेनी होगी प्रेरणा: शैलेंद्र बरुआ
ग्रामसभा में मप्र पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष बरुआ ने कहा विकास करना हर सरकार की जिम्मेदारी है। हम करते हैं विकास, लेकिन विकास के साथ-साथ महापुरुषों ने कहा है कि जो कौम अपने पूर्वजों को भुला देती है वह ज्यादा दिन तक जीवित नहीं रहती है। अपने इतिहास से हमें प्रेरणा लेनी पड़ेगी। हमें अगर गौरव कहीं से मिलेगा, प्रेरणा कहीं से मिलेगी तो वह हमारे महापुरुषों से मिलेगी। महापुरुषों का जीवन चरित्र प्रदेश की पाठ्यपुस्तकों में शामिल किया जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा जनजातीय समाज के महापुरुषों ने अपना जीवन समाज व राष्ट्र के लिए अर्पित कर दिया। वर्तमान में कुछ लोग समाज को तोड़ने का कार्य कर रहे हैं, जबकि हम समाज को जोड़ने में लगे हैं। पेसा एक्ट के माध्यम से ग्रामसभा को विस्तृत अधिकार दिए हैं। कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री चंदरसिंह वास्कले, गौरव यात्रा संयोजक सुभाष पंवार, जिपं उपाध्यक्ष बापूसिंह परिहार, जिपं सदस्य केलीबाई बिलौरसिंह सोलंकी, पूर्व जिलाध्यक्ष रणजीतसिंह डंडीर, पूर्व विधायक जमनासिंह सोलंकी, विजय सोलंकी, पूर्व जिला महामंत्री जितेंद्र पाटीदार, पूर्व मंत्री रंगा डावर, जनपद अध्यक्ष महेंद्र किराड़े, उपाध्यक्ष गणेश किराड़े, मंडल अध्यक्ष जयनारायण गुप्ता, प्रवीण कुशवाह, दिलीव कुमावत, मांगनिया किराड़े, अशोक जायसवाल, प्रहलादसिंह वास्कले, प्रेमसिंह सिसौदिया, छतरसिंह मंडलोई, रूपेश मालवीया, भागीरथ मंडलोई, बेबीबाई मंडलोई, माया खोड़े, दूरसिंह खोड़े, गोविंद बड़ोले, विक्रम चौहान, सुरेश महाजन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रंम का संचालन श्री सिसौदिया ने किया व आभार यात्रा संयोजक पंवार ने माना।
मोबाइल नेटवर्क, पक्की सड़क व हायर सेकंडरी की सौगात
वन मंत्री डा. शाह ने ग्रामीणों से कहा कि सिरवेल महादेव क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क पहुंचाने के लिए प्रस्ताव तैयार किया है। क्षेत्र में पांच अलग-अलग स्थानों पर टावर बनाना प्रस्तावित है। बिस्टान से सिरवेल महादेव तक पक्की सड़क के लिए प्रदेश के आगामी बजट में प्रावधान करेंगे। साथ ही नवीन शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में ही सिरवेल महादेव को हायर सेकंडरी स्कूल की सौगात दे दी जाएगी। यहां हाईस्कूल की सौगात भी भाजपा सरकार ने ही दी थी। वनवासी बहुल क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कोई कसर शेष नहीं रखेंगे।
Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी ने महाकाल को किया साष्टांग प्रणाम, फिर सभा को किया संबोधित
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close