मंडला(नईदुनिया प्रतिनिधि)। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिला चिकित्सालय परिसर में लगाए जा रहे आक्सीजन प्लांट का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने आक्सीजन प्लांट की मशीनरी एवं कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी लेते हुए प्लांट के आवश्यक सिविल वर्क को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर सिंह ने 6 हजार लीटर आक्सीजन क्षमता के प्लांट की कार्यप्रणाली के बारे में संबंधितों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्लांट की मशीनरी इंस्टॉलेशन का कार्य पूर्ण करते हुए प्लांट को जल्द प्रारंभ करने की कार्यवाही करें। इस दौरान एडीएम मीना मसराम, ईईपीआईयू पटले, पीओ डूडा कुर्वेती एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

रसोई का भी लिया जायजा

कलेक्टर ने ऑक्सीजन प्लांट के निरीक्षण के पश्चात जिला चिकित्सालय की रसोई का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने रसोई में कार्यरत स्टॉफ से प्रतिदिन मरीजों को दिए जाने वाले भोजन के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों के लिए निर्धारित मीनू के बारे में चर्चा करते हुए जरूरी निर्देश दिए।

दीनदयाल रसोई के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने डिंडौरी रोड स्थित दीनदयाल रसोई का निरीक्षण किया। उन्होंने रसोई में प्रतिदिन आने वाले व्यक्तियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दीनदयाल रसोई के माध्यम से दिए जाने वाले भोजन में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें साथ ही कोविड प्रोटोकॉल का भी ध्यान रखते हुए रसोई का संचालन सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने पीओ डूडा कुर्वेती को दीनदयाल रसोई के लिए आवश्यक वस्तुओं सहित जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रसोई संचालिका ज्योतिषी से दीनदयाल रसोई की व्यवस्थाएं, राशन, किचन, पीने के पानी आदि के बारे में जानकारी ली। इस दौरान एडीएम मीना मसराम, ईईपीआईयू पटले एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

रैनबसेरा में यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिला मुख्यालय के बस स्टेंड में नगरपालिका के माध्यम से संचालित रैनबसेरा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने रैनबसेरा में ठहरने वाले यात्रियों के लिए जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि रैनबसेरा में ठहरने वाले यात्रियों से उनके आधार कार्ड, मोबाईल नंबर एवं अन्य जरूरी जानकारियां गंभीरता से संधारित करें। कलेक्टर सिंह ने महिला तथा पुरूष यात्रियों के ठहरने के लिए अलग-अलग व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि रेनबसेरा परिसर में सीसीटीवी कैमरे, साफ-सफाई सहित अन्य सुविधाएं गुणवत्तापूर्ण हो। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि रेनबसेरा में ठहरने वाले यात्रियों के लिए पानी, सोने के लिए सभी व्यवस्थाएं अच्छी हों। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टॉफ से यात्रियों की जानकारी के संधारण एवं भोजन आदि व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान एडीएम मीना मसराम, ईईपीआईयू जपीपटले, पीओ डूडा आरके कुर्वेती एवं संबंधित उपस्थित थे।

Posted By: Nai Dunia News Network

Mp
Mp