Mandla News : मंडला (नईदुनिया प्रतिनिधि)। जिला मुख्यालय में खेलो इंडिया यूथ गेम्स शुरू हो चुके हैं और इस गेम्स का पहला इवेंट है गतका। जोकि ढाल और तलवार से पंजाबियों के परंपरागत युद्ध कौशल का प्रदर्शन है। लेकिन इस युद्ध कौशल में ढाल को फरी और तलवार को सुट्टी कहा जाता है। गुजरात से आए कोच हिमांशु सोलंकी ने बताया कि यह सिर्फ 3 मिनट का इवेंट होता है। पहले 1:30 मिनट के बाद 30 सेकंड का ब्रेक होता है। ब्रेक के बाद पुन: 1:30 मिनट मिलते हैं। ब्रेक के पहले के 1:30 मिनट और ब्रेक के बाद के एक मिनट ही में ही यह स्पष्ट हो जाता है कि जीत किसको मिलने वाली है। यानी या इवेंट दो राउंड का होता है। मध्य प्रदेश गतका टीम के कोच कश्मीर सिंह ने बताया कि गतका में दो तरह के इवेंट होते हैं, सिंगल इवेंट में सिर्फ सुट्टी का प्रदर्शन होता है। जबकि दूसरे इवेंट में फरी सुट्टी से प्रदर्शन किया जाता है। मंडला में आयोजित गतका में फरी सुट्टी से इवेंट हो रहा है।
ऐसे मिलते हैं पॉइंट
कोच कश्मीर ने बताया कि इस खेल में पॉइंट इस बात में मिलते हैं कि सुट्टी से शरीर के किस भाग को हिट किया गया है। कमर से नीचे के हिस्से में हिट करने पर 1 पॉइंट मिलता है। कमर से ऊपर के हिस्से में हिट करने पर 2 पॉइंट मिलते हैं। सर्वाधिक पॉइंट मिलते हैं, जब फाइटर सामने वाले फाइटर की पीठ पर हिट करने में सफल होता है। इसके लिए 3 पॉइंट मिलते हैं। यह सबसे कठिन होता है।
खिलाड़ियों ने कही अपनी
* गुजरात की बायज टीम के फाइटर सोलंकी देव कुमार ने बताया कि वह आईटीआई कर रहे हैं। गुजरात के ऊंझा के मुक्तपुर गांव के निवासी हैं और पिछले 3 वर्षों से गतका सीख रहे हैं। वे स्पोर्ट्स में ही अपना कैरियर बनाना चाहते हैं। वह सिर्फ गतका ही नहीं, थ्रो बॉल, हैंडबॉल और कबड्डी भी खेलते हैं। थ्रो बॉल और हैंडबॉल में वे नेशनल चैंपियनशिप खेल चुके हैं।
* गुजरात के सिद्ध पुर निवासी ठाकुर दशरथ अशोकजी ने बताया कि वह कक्षा नौवीं के छात्र हैं और पिछले 2 साल से यह खेल खेल रहे हैं। भविष्य में वे भारतीय सेना में अपनी सेवाएं देना पसंद करेंगे।
* गुजरात टीम के अहमदाबाद साबरमती निवासी विकास यादव हरीशजी ने बताया कि वे कक्षा बारहवीं के छात्र हैं और पिछले 10 वर्षों से यह खेल खेल रहे हैं। वह फुटबॉल भी खेलते हैं। वे स्पोर्ट्स में या गवर्नमेंट जॉब में अपना कैरियर बनाएंगे।
Posted By: Dheeraj Bajpaih
- Font Size
- Close