Mandla News : मंडला (नईदुनिया प्रतिनिधि)। जिले में गुरुवार को लोकायुक्त पुलिस ने महिला सरपंच को विधवा महिला से घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। विधवा महिला को संबल योजना का लाभ दिलाने के एवज में ₹20,000 की रिश्वत मांगी गई थी। मामला केंद्रीय एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते के ग्रह ग्राम जेवरा का है।

फिर भी दिल नहीं पसीजा

संबल योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश शासन द्वारा विधवा महिलाओं को ₹2,00,000 की एकमुश्त राशि एवं प्रतिमाह ₹1000 पेंशन देने का प्रावधान है। जेवरा गांव की निवासी चरखी बाई पति स्वर्गीय हरिलाल को संबल योजना के अंतर्गत राशि मिलनी थी। योजना की राशि का लाभ जल्दी दिलाने के एवज में आरोपी सरपंच राजकुमारी बाई कुलस्ते द्वारा ₹20,000 की मांग की गई थी। पीड़ित महिला सरपंच राजकुमारी भाई से कई बार विनती करती रही कि उसे रुपयों की सख्त आवश्यकता है। इसके एवज में उससे रिश्वत न ली जाए लेकिन महिला सरपंच राजकुमारी का दिल नहीं पसीजा।

लेनी पड़ी लोकायुक्त की मदद

अंततः निराश होकर पीड़ित महिला चरखी बाई को लोकायुक्त की मदद लेनी पड़ी। गुरुवार को जब पीड़ित महिला चरखी बाई रिश्वत की राशि ₹20,000 लेकर सरपंच के घर देने पहुंची तब लोकायुक्त की टीम ने सरपंच राजकुमारी बाई को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इस कार्यवाही में उप पुलिस अधीक्षक सुरेखा परमार, निरीक्षक रेखा प्रजापति, निरीक्षक नरेश बहरा एवं टीम के सदस्य शामिल रहे।

Posted By: Dheeraj Bajpaih

Mp
Mp