नीमच (नईदुनिया प्रतिनिधि)। शहर में शनिवार को 11 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चली। इन सर्द हवाओं ने नागरिकों को ठिठुरन का अहसास कराया। गत 24 घंटे की अवधि में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में भी एक-एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 24 व न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के जानकारों ने बताया कि नीमच जिला राजस्थान का सीमावर्ती जिला है। जिले की सीमाएं तीन ओर से राजस्थान के प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़ व भीलवाड़ा जिले से लगी हुई है। जबकि जिले की एक ओर की सीमा प्रदेश के मंदसौर जिले से सटी हुई है। यहीं कारण है कि यहां राजस्थान के मौसम का असर सीधे तौर पर दिखाई देता है। गत दिनों राजस्थान के अजमेर, भीलवाड़ा सहित अन्य जिलों में हुई मावठे की बारिश का असर यहां दिखाई दिया है। इसी वजह से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में लगातार कमी आ रही है। शनिवार को जिले में नमी 31 प्रतिशत व बारिश 00 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह के समय कुछ देर के लिए कोहरा भी छाने लगा है। जिले में गत वर्ष भी नवंबर के अंतिम सप्ताह अधिकतम व न्यूनतम तापमान 23 व 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
तापमान एक नजर में-
दिन अधिकतम न्यूनतम
24 नवंबर 27 14
25 नवंबर 26 14
26 नवंबर 25 14
27 नवंबर 25 13
28 नवंबर 24 12
(- जानकारी मौसम विज्ञान केंद्र व ऑनलाइन साइट्स से प्राप्त। आंकड़े डिग्री सेल्सियस में दर्शाए गए।)
Posted By: Nai Dunia News Network
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे